ग्रामीण भारत की रीढ़ हैं पब्लिक सेक्टर बैंक, निजी बैंक सिर्फ मुनाफे पर केंद्रित
राष्ट्रीयकरण की जरूरत, निजीकरण नहीं – CBOA के जनरल सेक्रेटरी के. रवि कुमार

विवेक झा, भोपाल। देश की बैंकिंग व्यवस्था में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (CBOA) के जनरल सेक्रेटरी के. रवि कुमार ने कहा कि पब्लिक सेक्टर बैंक ग्रामीण भारत की आर्थिक रीढ़ हैं, जबकि निजी बैंक मुख्यतः शहरी और लाभकारी क्षेत्रों तक सीमित रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज जरूरत बैंकों के निजीकरण की नहीं, बल्कि उन्हें और मजबूत करने की है।
पब्लिक सेक्टर बैंक निभा रहे वित्तीय समावेशन की जिम्मेदारी
भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रवि कुमार ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक गांवों और दूरदराज इलाकों में जनधन खाते, किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन योजनाएं, स्वयं सहायता समूहों को ऋण और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचा रहे हैं। इसके विपरीत निजी बैंक बड़े कॉर्पोरेट और हाई-नेटवर्थ ग्राहकों पर अधिक फोकस करते हैं।

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की पुरजोर मांग, कर्मचारियों से हो रहा भेदभाव
यूएफबीओए की पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को दोहराते हुए उन्हाेंने कहा कि आरबीआई, बीमा क्षेत्र और अधिकांश सरकारी कार्यालयों में यह व्यवस्था पहले से लागू है, फिर बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों? बढ़ते कार्यभार, स्टाफ की कमी और तकनीकी दबाव के चलते कर्मचारियों का वर्क-लाइफ बैलेंस बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
एआई को मानव संसाधन का विकल्प नहीं, सहयोगी तकनीक बनाया जाए
उन्होंने कहा कि एआई आधारित सिस्टम से कार्यक्षमता बढ़ी है, लेकिन मानव संसाधन के विकल्प के रूप में तकनीक का इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है। एआई को सहयोगी तकनीक के रूप में अपनाने और कर्मचारियों के री-स्किलिंग, साइबर सुरक्षा व रोजगार संरक्षण पर ठोस नीति की जरूरत है।
केनरा बैंक का शानदार तिमाही प्रदर्शन
इस अवसर पर रवि कुमार ने बताया कि केनरा बैंक ने दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है, जो बैंक की मजबूत विकास यात्रा और वित्तीय स्थिरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की मेहनत, टीमवर्क और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है।
केनरा बैंक के एमडी एवं सीईओ हरदीप सिंह अहलूवालिया ने इस उपलब्धि के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम बैंक की उत्कृष्टता और ग्राहक-केंद्रित विकास के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।
नेतृत्व ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केनरा बैंक और अधिक सशक्त होकर देश की आर्थिक प्रगति में अपनी भूमिका निभाएगा, जबकि CBOA अधिकारियों के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य निर्माण के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा।

ग्राम टांडा में CBOA की सामाजिक पहल, बच्चों को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री
CBOA के नेतृत्व में CANPAL बैनर के तहत ग्राम टांडा में सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां और पेंसिल वितरित की गईं। इस दौरान CBOA भोपाल के वाइस प्रेसिडेंट के.के. त्रिपाठी, संजय गोयल, आयुषी मालवीय, परिणीता केसरी, मनीष चतुर्वेदी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नर्मदा क्लब में अधिकारियों का महासमागम, संगठनात्मक एकता का संदेश
इसके पश्चात नर्मदा क्लब में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 अधिकारियों को संबोधित करते हुए रवि कुमार ने संगठनात्मक एकता, कर्मचारी हितों और मजबूत बैंकिंग व्यवस्था का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि CBOA केवल संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो बैंकिंग सेवा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व भी निभा रहा है।





