महिला परिषद के शपथ ग्रहण में ‘सशक्त नारी–उज्ज्वल भविष्य’ का संकल्प
संगीता तारण बनीं मैना सुंदरी संभाग अध्यक्ष, संजना जैन ने संभाली वर्धमान शाखा कोहेफिजा की कमान

विवेक झा, भोपाल। अखिल भारतीय महिला परिषद के मैना सुंदरी संभाग और पद्मावती संभाग का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026–2028 के नए कार्यकाल की शुरुआत “सशक्त नारी–उज्ज्वल भविष्य” के संकल्प के साथ की गई, जिसमें समाज सेवा, दया, करुणा और अहिंसा के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
समारोह में मैना सुंदरी संभाग की नई कार्यकारिणी के तहत संगीता तारण को संभाग अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं वर्धमान शाखा कोहेफिजा की अध्यक्ष पद पर संजना जैन ने कार्यभार ग्रहण किया।

मुख्य अतिथि ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम में राष्ट्रीय परामर्शदात्री और मुख्य अतिथि आशा विनायका ने प्रांतीय और संभागीय कार्यकारिणी के साथ-साथ मैना सुंदरी संभाग की सभी 21 शाखाओं की कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। उन्होंने महिलाओं से समाज सेवा और नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रांतीय नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष माधवी शाह (ग्वालियर) ने अपने उद्बोधन में “प्रोजेक्ट सशक्त नारी–उज्ज्वल भविष्य” की रूपरेखा प्रस्तुत की और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हीरामणी जी और प्रांतीय उपाध्यक्ष वंदना सिंघई की भी विशेष उपस्थिति रही।
सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण के साथ हुई, जिसके बाद विश्व में चल रहे युद्धों में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद सभी सदस्यों ने समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण की शपथ ली।

बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता
समारोह की अध्यक्षता संभाग अध्यक्ष संगीता तारण ने की, जबकि मंच संचालन ललित मनया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अनीता जैन, संगीता चौधरी, पद्मा जी, सुलेखा जैन, मेघा जैन, सविता मान्य, बबीता जैन सहित परिषद की अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं।





