केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज: डॉ. मोहन यादव

प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्पों को साकार करने वाला बजट

  1. पूंजीगत व्यय और लॉजिस्टिक्स विकास से मध्यप्रदेश को मिलेगा बड़ा लाभ
  2. गरीब, युवा, नारी शक्ति और अन्नदाता पर केंद्रित सर्वसमावेशी बजट
  3. एमएसएमई, सेमीकंडक्टर और सेवा क्षेत्र से रोजगार व निवेश को गति

  4. 2047 के विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा केंद्रीय बजट: हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल, 03 फरवरी 2026।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। पत्रकार-वार्ता में पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने वाला बजट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है। यह बजट मध्यप्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय में वृद्धि, शहरी विकास और लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम का विस्तार प्रदेश के लिए वरदान साबित होगा।

निवेश, उद्योग और रोजगार को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सतत आर्थिक विकास के साथ जन-अपेक्षाओं को पूरा करने वाला है। उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बजट में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस आधारित संरचित रोडमैप है, जिससे मध्यप्रदेश को सुदृढ़ वित्तीय आधार मिलेगा और निवेशकों का विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय प्रावधानों का संकलन नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश को दीर्घकालिक आर्थिक समृद्धि की ओर ले जाने वाला दस्तावेज है।

स्वास्थ्य, ज्ञान और सेवा आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि बायोफार्म शक्ति योजना, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और आईटी-डिजिटल निवेश से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य, फार्मा, बायोटेक्नोलॉजी और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में तेजी से आगे बढ़ेगा। हाई-टेक उद्योगों, स्टार्टअप्स और नवाचार आधारित उद्यमिता को बल मिलेगा। 200 लेगेसी इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स के पुनर्जीवन से पारंपरिक औद्योगिक क्षेत्रों में अधोसंरचना सुधार, उत्पादन विस्तार और स्थानीय रोजगार को नई ऊर्जा मिलेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और नारी शक्ति को सशक्त करेगा बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में महिला छात्रावास, लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूह आधारित उद्यम, तथा ग्रामीण रोजगार सृजन के प्रावधान किए गए हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और नारी शक्ति का आर्थिक सशक्तिकरण होगा। सेवा क्षेत्र को विकास का प्रमुख चालक बनाकर मध्यप्रदेश को आईटी, हेल्थ, एजुकेशन और टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

विकसित भारत का विजन डॉक्यूमेंट: हेमंत खण्डेलवाल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विजन डॉक्यूमेंट है। बजट में गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण के ठोस प्रावधान हैं। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना बजट में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। उन्होंने बताया कि राजकोषीय घाटा घटाने, 12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिचर, 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर्स और सेमीकंडक्टर मिशन के विस्तार जैसे कदम भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।

2047 के विकसित भारत की ओर निर्णायक कदम

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और पर्यटन पर विशेष फोकस है। कैंसर की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी शून्य करना, जिला अस्पतालों में ट्रामा सेंटर, कंटेंट क्रिएटर लैब और खेलो इंडिया जैसी योजनाएं युवाओं को रोजगार और देश को मजबूती देंगी।

पत्रकार-वार्ता में प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी मंचासीन रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 मध्यप्रदेश और देश के लिए तेज विकास, समावेशी प्रगति और दीर्घकालिक समृद्धि की मजबूत नींव रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button