कमर्शियल गैस पर रोक से भोपाल के 2000 होटल-रेस्टोरेंट संकट में, चेम्बर ने कलेक्टर से मांगी राहत
शादी-व्याह और होली मिलन कार्यक्रमों के बीच गैस सप्लाई बंद होने से कारोबार प्रभावित होने की आशंका; अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस किल्लत की भी जताई जा रही चिंता

भोपाल | 10 मार्च
राजधानी भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर अचानक रोक लगने से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार संकट में आ गया है। शहर के करीब दो हजार होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय सीधे तौर पर प्रभावित हो सकते हैं। इस स्थिति को देखते हुए भोपाल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिला कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को पत्र लिखकर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्द शुरू कराने की मांग की है।
चेम्बर के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने बताया कि देश की सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर अचानक रोक लगा दी गई है। इससे शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने भोजन और नाश्ता तैयार करने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हजारों प्रतिष्ठान पूरी तरह कमर्शियल गैस पर निर्भर हैं। ऐसे में गैस उपलब्ध नहीं होने पर उनका संचालन प्रभावित होना तय है।
शादी-व्याह और आयोजनों की व्यवस्था पर असर की आशंका
चेम्बर ने प्रशासन को बताया कि इस समय शहर और आसपास के क्षेत्रों में शादी-व्याह, होली मिलन समारोह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। कई परिवारों ने महीनों पहले से अपने कार्यक्रम तय कर लिए हैं और निमंत्रण भी वितरित कर दिए हैं। होटल और कैटरिंग व्यवसायियों ने भी इन आयोजनों के लिए अग्रिम बुकिंग ले रखी है।
ऐसे में यदि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद रहती है तो भोजन व्यवस्था करना मुश्किल हो सकता है। इससे कार्यक्रमों के आयोजन पर भी असर पड़ने की संभावना है और आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते भी बढ़ रही चिंता
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा बाजार को लेकर भी अनिश्चितता का माहौल बन रहा है। कुछ राष्ट्रीय अखबारों में प्रकाशित खबरों के अनुसार ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि स्थानीय स्तर पर पहले ही कमर्शियल गैस की सप्लाई बाधित होती है तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए समय रहते प्रशासन को हस्तक्षेप कर आपूर्ति व्यवस्था सुचारू कराने की आवश्यकता है।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
भोपाल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्द बहाल कराई जाए या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में चेम्बर की ओर से अरविंद जैन सुपारी, आदित्य जैन मनयां, संजीव जैन गेहूं, अजय देवनानी, अजय गुप्ता मुन्ना और वात्सायन जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
चेम्बर पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इस मामले में निर्णय लेकर होटल-रेस्टोरेंट कारोबार और सामाजिक आयोजनों को प्रभावित होने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।





