राजस्थानी दही मिर्ची: तीखेपन और खटास का अनोखा संगम, बढ़ाएं अपने खाने का जायका

राजस्थान की रसोई अपने तीखे, चटपटे और देसी फ्लेवर के लिए जानी जाती है. यहां की डिश सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि टेस्ट की एक ऐसी यात्रा हैं जो हर बार कुछ नया एक्सपीरियंस कराती है. इन्हीं खास डिशेज में से एक है राजस्थानी दही मिर्ची, जो आम मिर्च को एक बेहद लाजवाब और खास डिश में बदल देती है.

अक्सर हम मिर्च का अचार या तली हुई मिर्च खाते हैं, लेकिन यह रेसिपी उन सबसे अलग है. इसमें मिर्च को काटा नहीं जाता, बल्कि दरदरा पीसा जाता है, जिससे हर बाइट में मसालों का गहरा स्वाद महसूस होता है. यही खास तरीका इस डिश को पारंपरिक होने के साथ-साथ थोड़ा हटकर भी बनाता है.

दही मिर्ची को क्या बनाता है खास?
इस डिश की सबसे बड़ी खूबी है इसका बैलेंस्ड फ्लेवर. एक तरफ हरी मिर्च का तीखापन है, तो दूसरी तरफ दही की ठंडक और खट्टापन उसे बैलेंस करता है. जब ये दोनों एक साथ पकते हैं तो एक ऐसा टेस्ट तैयार होता है जो न ज्यादा तीखा लगता है और न ही फीका.

इसके अलावा, सरसों के तेल की खुशबू और सौंफ की हल्की मिठास इस डिश को एक रॉयल टच देती है. यह वही स्वाद है जो आपको पारंपरिक राजस्थानी घरों में खाने को मिलता है.

दही-मिर्ची बनाने का तरीका
    सबसे पहले ताजी और कम तीखी हरी मिर्च लें. उन्हें अच्छी तरह धोकर सुखा लें और फिर डंठल हटाकर चॉपर में दरदरा पीस लें.
    ध्यान रखें कि मिर्च का पेस्ट न बने, बल्कि छोटे-छोटे टुकड़े रहें ताकि खाने में हल्का क्रंच बना रहे.
    अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. जब तेल से हल्का धुआं निकलने लगे, तो आंच धीमी कर दें और उसमें राई, जीरा, सौंफ और हींग डालें.
    जैसे ही ये चटकने लगें, दरदरी पिसी मिर्च डाल दें. मिर्च को मिडियम गैस पर तब तक भूनें जब तक उसका कच्चापन खत्म न हो जाए.
    इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसालों को अच्छे से मिलाएं.
    कुछ मिनट पकाने के बाद गैस धीमी करें और फेंटा हुआ दही डालें. दही डालते समय लगातार चलाते रहें ताकि वह फटे नहीं.
    धीरे-धीरे दही मसालों के साथ मिलकर गाढ़ा और क्रीमी टेक्सचर बना लेगा. जब तेल किनारों से अलग दिखने लगे, तो समझ लें कि आपकी दही मिर्ची तैयार है.

दही-मिर्ची को कैसे करें सर्व?
    राजस्थानी लोग दही मिर्ची को गरमागरम परांठों, मिस्सी रोटी या दाल-बाटी के साथ खाते हैं, जिसके साथ इसका मजा ही अलह होता है. यह दाल-चावल को भी खास बना देती है.
    अगर आप इसे स्टोर करना चाहते हैं, तो फ्रिज में रखकर 3 से 4 दिन तक आराम से खा सकते हैं. सफर के दौरान ले जाने के लिए भी यह एक बढ़िया ऑप्शन है.
    अगर दही ज्यादा खट्टा हो, तो उसमें एक चुटकी चीनी या थोड़ा सा गुड़ मिला लें. इससे टेस्ट भी बैलेंस रहेगा.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button