अटल नगर योजन,630 फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन 18 अप्रैल से

लखनऊ

 उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अगर आप घर खरीदने की सोच रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अटल नगर योजना के तहत 630 अफोर्डेबल फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। इस संबंध में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आदेश जारी कर दिए हैं। योजना में 539 फ्लैट 1 बीएचके और 91 फ्लैट 2 बीएचके के हैं। इच्छुक आवेदक एक महीने तक आवेदन कर सकेंगे। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी तरीके से लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत लगभग 9.82 लाख रुपये से शुरू होती है। पूर्व में लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन किया गया था, जिसमें शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई तक पुनः पंजीकरण खोला जा रहा है।

पंजीकरण शुल्क तय
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि 1 बीएचके के फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और 2 बीएचके के फ्लैट के लिए 1,00852 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जोकि आवंटन न होने की दिशा में आवेदक को वापस कर दिया जाएगा।

LDA उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अटल नगर योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना में लगभग 500 चार पहिया वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पार्किंग के लिए ले-आउट में उपयुक्त स्थान चिह्नित करते हुए 15 दिन के अंदर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। इस क्रम में उपाध्यक्ष ने वाह्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की, जिसमें उन्होंने 1 माह के अंदर ड्रेनेज, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और एसटीपी से सीवर लाइन को जोड़ने का कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button