भोपाल से रूस तक पहुंचेगा क्रिकेट का रोमांच

एफएमपीसीसीआई और स्मोलेंस्क रीजन क्रिकेट फेडरेशन के बीच ऐतिहासिक एमओयू, खेल, व्यापार और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे

विवेक झा, भोपाल। क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और भारत-रूस के बीच खेल सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई) और रूस के स्मोलेंस्क रीजन क्रिकेट फेडरेशन के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता प्रस्तावित भोपाल–स्मोलेंस्क सिस्टर सिटी परियोजना के अंतर्गत एकीकृत क्रिकेट इकोसिस्टम के विकास के उद्देश्य से किया गया है।

भोपाल–स्मोलेंस्क सिस्टर सिटी परियोजना को मिली नई गति

एमओयू पर एफएमपीसीसीआई के अध्यक्ष हिमांशु खरे और स्मोलेंस्क रीजन क्रिकेट फेडरेशन, रूस के अध्यक्ष एवगेनी अनातोलियेविच ज़ाखारचेंकोव ने हस्ताक्षर किए। इसे भोपाल–स्मोलेंस्क सिस्टर सिटी परियोजना की पहली बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मई 2025 में भोपाल और स्मोलेंस्क के महापौरों ने आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) पर हस्ताक्षर कर दोनों शहरों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल, पर्यटन और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई थी।

क्रिकेट के जरिए बढ़ेंगे अंतरराष्ट्रीय अवसर

इस साझेदारी का उद्देश्य केवल क्रिकेट को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि खेल आधारित आर्थिक गतिविधियों, उद्यमिता, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसर तैयार करना भी है। भारत में तेजी से बढ़ रही स्पोर्ट्स इकोनॉमी और मध्यप्रदेश में खेल क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए यह पहल विशेष महत्व रखती है।

एफएमपीसीसीआई इस परियोजना में नॉलेज एवं इकोसिस्टम डेवलपमेंट पार्टनर की भूमिका निभाएगा तथा क्रिकेट और उससे जुड़े उद्योगों के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने का कार्य करेगा।

खेल उद्योग से जुड़े कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

एमओयू के तहत क्रिकेट उपकरण निर्माण, खेल अवसंरचना विकास, कोचिंग, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी और खेल पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और कॉर्पोरेट संस्थानों के साथ साझेदारी कर खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

विशेष रूप से स्पोर्ट्स एनालिटिक्स, डिजिटल स्पोर्ट्स सॉल्यूशंस, आईटी इंटीग्रेशन और खेल आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा, जिससे युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार होंगे।

भारत के अनुभवों से सीखेगा रूस

स्मोलेंस्क रीजन क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष एवगेनी अनातोलियेविच ज़ाखारचेंकोव ने कहा कि यह समझौता दोनों क्षेत्रों के बीच खेल सहयोग के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत क्रिकेट का वैश्विक केंद्र है और रूस भारतीय अनुभवों से सीखते हुए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, संस्थानों और खेल व्यवसायों के लिए नए अवसर विकसित करना चाहता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ दीर्घकालिक सहयोग का मजबूत आधार बनेगी।

खेल से जुड़े उद्योगों को मिलेगा वैश्विक मंच

एफएमपीसीसीआई के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि यह समझौता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग, शिक्षा, खेल और नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने का माध्यम बनेगा। उनका कहना था कि भोपाल–स्मोलेंस्क सिस्टर सिटी परियोजना के जरिए एक ऐसा वैश्विक खेल इकोसिस्टम विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो निवेश, रोजगार, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को नई दिशा देगा।

स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए नए अवसर

इस पहल से खेल क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप्स, तकनीकी कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों, खेल पेशेवरों और निवेशकों के लिए व्यापक अवसर पैदा होंगे। क्रिकेट लीग, एक्सचेंज प्रोग्राम, खेल पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से रोजगार सृजन और युवा सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सहयोग भविष्य में मध्यप्रदेश को स्पोर्ट्स बिजनेस और खेल नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध हो सकता है।

भारत-रूस संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

यह एमओयू केवल खेल सहयोग का दस्तावेज नहीं है, बल्कि भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम भी बनेगा। दोनों संस्थाओं ने शैक्षणिक संस्थानों, कॉर्पोरेट क्षेत्र, खेल संगठनों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों से इस अंतरराष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

एमओयू के प्रमुख बिंदु

  • क्रिकेट उपकरण और खेल अवसंरचना क्षेत्र में सहयोग।
  • कोच, प्रशिक्षकों और क्रिकेट अकादमियों के बीच साझेदारी।
  • स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल समाधान विकसित करना।
  • स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग।
  • खेल आधारित स्टार्टअप्स और उद्यमिता को बढ़ावा।
  • क्रिकेट लीग, एक्सचेंज प्रोग्राम और स्पोर्ट्स टूरिज्म का आयोजन।
  • भारत और रूस के बीच ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान।
  • खेल विनिर्माण, मीडिया, फिटनेस और टैलेंट मैनेजमेंट में नए अवसर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button