रोहित शर्मा की स्लिप में हैट्रिक, अफगानिस्तान की पारी ध्वस्त

चेन्नई
भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (21 जून) को वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपनी शानदार फील्डिंग से सुर्खियां बटोरीं. 39 वर्षीय रोहित ने स्लिप रीजन में लगातार तीन बेहतरीन कैच लपककर यह साबित कर दिया कि उम्र भले बढ़ रही हो, लेकिन वो अपनी शानदार फिटनेस को बरकरार रखे हुए हैं.
खास बात यह रही कि रोहित शर्मा ने जो तीनों कैच पकड़े, वे सभी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर आए. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में प्रसिद्ध की धारदार गेंदबाजी और रोहित की बेहतरीन कैचिंग ने अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया.
अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत में प्रसिद्ध कृष्णा ने रहमानुल्लाह गुरबाज को अपनी अतिरिक्त उछाल से चकमा दिया. गेंद गुरबाज के बल्ले के बाहरी किनारे पर लगी और पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने बिना कोई गलती किए आसान कैच लपक लिया.
इसके बाद रहमत शाह क्रीज पर आए. एक चौका लगाने के बाद वह लय में दिख रहे थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. ऑफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद बल्ले के किनारे पर लगी और रोहित शर्मा ने दूसरी बार कैच पकड़कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई.
अफगानिस्तान अभी इन झटकों से उबर भी नहीं पाया था कि प्रसिद्ध कृष्णा ने इब्राहिम जादरान को भी अपने जाल में फंसा लिया. जादरान का बल्ला गेंद को छू गया और स्लिप में मौजूद रोहित शर्मा ने तीसरा लगातार कैच पकड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
पावरप्ले में प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान को एक और झटका दिया, जब उन्होंने युवा बल्लेबाज दरविश रसूली को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया.
रोहित शर्मा के इन तीनों कैचों और प्रसिद्ध कृष्ण की तूफानी बॉलिंग ने ना सिर्फ अफगानिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया, बल्कि भारत को मुकाबले में पूरी तरह हावी भी कर दिया.
ODI में पहले 10 ओवर्स में चार या उससे ज्यादा विकेट (भारतीय गेंदबाज)
5 मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, कोलंबो 2023
4 जवागल श्रीनाथ बनाम श्रीलंका, जोहानिसबर्ग 2003
4 भुवनेश्वर बनाम श्रीलंका, पोर्ट ऑफ स्पेन 2013
4 जसप्रीत बुमराह बनाम इंग्लैंड, द ओवल 2022
4 मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम 2023
4 अर्शदीप सिंह बनाम साउथ अफ्रीका, जोहानिसबर्ग 2023
4 प्रसिद्ध कृष्णा बनाम अफगानिस्तान, चेन्नई 2026





