रक्षाबंधन पर रेलवे का बड़ा तोहफा, लखनऊ-हरिद्वार समेत इन रूटों पर चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें

लखनऊ
रेलवे ने रक्षाबंधन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। लखनऊ, बरेली, रुड़की और हरिद्वार के बीच छह विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन 22 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। रेलवे के अनुसार रक्षाबंधन से पहले लंबी दूरी की ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल होने और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की भी तैयारी है।

रेल अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन संख्या 04321 और 04320 बरेली-रुड़की-बरेली तथा 04319 और 04322 रुड़की-बरेली-रुड़की विशेष ट्रेन के रूप में संचालित होंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04329 और 04330 हरिद्वार-लखनऊ-हरिद्वार अनारक्षित स्पेशल के रूप में चलेगी।

लखनऊ स्पेशल के ठहराव लखनऊ, संडीला, बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार रहेंगे। वहीं बरेली स्पेशल के ठहराव रामपुर, मुरादाबाद, कांठ, स्योहारा, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, चंदोक, लक्सर और रुड़की समेत निर्धारित स्टेशनों पर होंगे।

आठ ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच
दिल्ली से पूर्वांचल के बीच मुरादाबाद होकर चलने वालीं आठ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगेंगे। इनमें 14207 व 14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 14205 व 14206 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस, 20393 संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20340 हमसफर एक्सप्रेस, 20963 व 20964 इंटरसिटी सुपरफास्ट में अतिरिक्त कोच लगेंगे। इनमें एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगने से यात्रियों के वेटिंग टिकट कंफर्म हो जाएंगे।

सीनियर डीसीएम महेश यादव के अनुसार रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए छह स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी और आठ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

बरेली में एक्सप्रेस ट्रेन से टकराया ट्रैक्टर
उधर, बरेली में भोजीपुरा के दियोहरिया स्थित रेलवे फाटक (288सी) पर रविवार दोपहर एक रेल हादसा हो गया। रेलवे का फाटक बंद होने के बाद भी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे चलती एक्सप्रेस ट्रेन में जा घुसा। ट्रेन के पिछले चार कोच डिरेल होने से बाल-बाल बचे। जैसे ही कोच से ट्रैक्टर टकराया, उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गये। सूचना पर आरपीएफ-जीआरपी और सिविल पुलिस मौके पर पहुंचीं और ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया।

रविवार दोपहर 12:35 बजे ट्रेन नंबर 15009 (डाउन) गोरखपुर-इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस पीलीभीत की ओर से आ रही थी। फाटक संख्या (288सी) बंद था और ट्रेन का अधिकांश हिस्सा फाटक पार कर चुका था। केवल पीछे के चार कोच ही निकलना बाकी थे, तभी क्रॉसिंग पर खड़ा ट्रैक्टर अचानक तेज रफ्तार से चल पड़ा और बूम तोड़ते हुए सीधे ट्रेन से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी की जोर का धमाका हुआ। धमाके की आवाज से लोको पायलट ने ट्रेन को तुंरत रोका।

घटना के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। इसके साथ ही रेल कंट्रोल को भी मैसेज जारी किया गया। घटना की सूचना पर रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ रेल अधिकारी और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक लक्ष्मण पुत्र डोरीलाल निवासी पचदौरा कलां को हिरासत में लिया।

घटना के बाद ट्रेन करीब 15 से 20 मिनट तक रुकी रही। बरेली-पीलीभीत रेल मार्ग कुछ देर के लिए बाधित रहा। थोड़ी देर बाद जब स्थिति सामान्य हुई तब संचालन फिर से शुरू हुआ। आरपीएफ निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बरेली सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे इज़्ज़तनगर बरेली के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन के अनुसार दियोहरिया रेल क्रॉसिंग पर एक्सप्रेस से ट्रैक्टर टकराया था, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है l इस मामले में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button