धमतरी तिहरे हत्याकांड में बड़ा फैसला, पांच आरोपियों को उम्रकैद की सजा

धमतरी.

धमतरी के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस में अदालत ने करीब एक साल बाद फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश मोहन कोर्राम ने मामले में 8 आरोपियों में से 5 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट के फैसले के बाद मृतकों के परिजनों ने न्याय व्यवस्था के प्रति आभार जताया है।

जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 2025 की रात धमतरी के एक ढाबे में मामूली विवाद के बाद रायपुर के तीन युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। एक ही रात में तीन लोगों की हत्या की इस वारदात ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

8 में से 5 आरोपियों को उम्रकैद
अदालत ने मामले में पांच आरोपियों को हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं एक आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत 3 साल की सजा दी गई है। इसके अलावा बलवा के आरोप में सभी आरोपियों को 2 साल और मारपीट के मामले में 6 माह की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।

एक साल से फैसले का था इंतजार
ट्रिपल मर्डर की इस घटना के बाद से ही मृतकों के परिजन और धमतरी की जनता अदालत के फैसले का इंतजार कर रही थी। करीब एक साल तक चले न्यायिक प्रक्रिया के बाद बुधवार को फैसला आया। सजा सुनाए जाने के बाद परिजनों ने न्याय मिलने पर संतोष जताते हुए न्याय व्यवस्था का आभार जताया। बता दें कि मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना में तीन युवकों की निर्मम हत्या ने धमतरी समेत पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। मामले की गंभीरता के चलते यह ट्रिपल मर्डर केस लंबे समय तक प्रदेश में चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button