कमोडिटी बाजार में निवेश से पहले जोखिम समझना जरूरी: विशेषज्ञ

भोपाल इन्वेस्टर्स एसोसिएशन के निवेशक जागरुकता सम्मेलन में वायदा कारोबार, पोर्टफोलियो डायवर्सिफिकेशन और अनैतिक ट्रेडिंग से बचने की दी जानकारी

भोपाल। कमोडिटी और वित्तीय बाजार में निवेश करने से पहले जोखिमों को समझना और सही रणनीति अपनाना बेहद जरूरी है। निवेशकों को बाजार की कार्यप्रणाली, जोखिम प्रबंधन और अनैतिक कारोबार से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को भोपाल इन्वेस्टर्स एसोसिएशन (बीआईए) ने एमसीएक्स और पृथ्वी फिनमार्ट के साथ मिलकर निवेशक जागरुकता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम एमपी नगर जोन-1 में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में निवेशकों ने भाग लिया।

वायदा बाजार में जोखिम प्रबंधन पर जोर

सम्मेलन में भोपाल इन्वेस्टर्स एसोसिएशन के प्रमुख संतोष अग्रवाल ने निवेशकों को वर्तमान बाजार परिस्थितियों में निवेश से जुड़े विभिन्न जोखिमों की जानकारी दी। उन्होंने निवेशकों से बाजार में किसी भी तरह का निवेश करने से पहले उसके जोखिम और संभावित परिणामों को समझने पर जोर दिया।

डिब्बा कारोबार से रहें सावधान

एमसीएक्स के विशेषज्ञ विजय पटेल ने वायदा बाजार के माध्यम से जोखिम को नियंत्रित करने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने निवेशकों को डिब्बा कारोबार और अनैतिक ट्रेडिंग गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही वायदा कारोबार में सावधानी और उचित जानकारी के साथ निवेश करने के महत्व को समझाया।

पोर्टफोलियो में कमोडिटी को भी दे सकते हैं जगह

पृथ्वी फिनमार्ट के विशेषज्ञ मनोज जैन ने कमोडिटी वायदा बाजार की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निवेशक पोर्टफोलियो डायवर्सिफिकेशन के माध्यम से कमोडिटी को अपने निवेश पोर्टफोलियो में शामिल कर सकते हैं। विभिन्न परिसंपत्तियों में निवेश का विभाजन जोखिम प्रबंधन की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

निवेशकों ने दिखाई रुचि

आयोजकों के अनुसार सम्मेलन को निवेशकों का अच्छा समर्थन मिला। कार्यक्रम में बाजार से जुड़े विषयों पर जानकारी हासिल करने के साथ निवेशकों ने विशेषज्ञों से अपने सवालों और जिज्ञासाओं के समाधान भी प्राप्त किए। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरुकता कार्यक्रम भोपाल के निवेशकों के लिए आने वाले समय में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में भोपाल इन्वेस्टर्स एसोसिएशन के अमित मोदी ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और निवेशकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button