मध्यप्रदेश के 250 व्यापारी नेता भोपाल में जुटे, बोले- स्वदेशी को जनआंदोलन बनाकर व्यापार को देंगे नई दिशा

कैट के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में व्यापार, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और संगठन सशक्तिकरण पर मंथन; विकसित भारत के निर्माण में व्यापारियों की भूमिका पर जोर

विवेक झा, भोपाल। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में मध्यप्रदेश के सभी जिलों से करीब 250 प्रमुख व्यापारी नेताओं एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भोपाल में जुटे। सम्मेलन में व्यापारिक हितों के साथ स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, संगठन को मजबूत बनाने, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और व्यापार को नए बाजारों से जोड़ने जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। सम्मेलन का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया।

वोकल फॉर लोकल आत्मनिर्भर भारत का आंदोलन

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र केवल आर्थिक अभियान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय आंदोलन है। भारतीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार से देश के कारीगरों, लघु उद्योगों, स्टार्टअप और व्यापारिक समुदाय को नई ताकत मिलती है। उन्होंने व्यापारियों से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

भारतीय व्यापार महोत्सव ने खोले नए अवसर

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव ने देश के व्यापारिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। महोत्सव में देश-विदेश के व्यापारिक प्रतिनिधियों, उद्यमियों और उद्योग जगत को एक बड़ा मंच मिला तथा हजारों करोड़ रुपए के व्यापारिक अवसर पैदा हुए।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए भारतीय उत्पादों को नए बाजार और व्यापारियों को व्यापक कारोबारी नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सकता है।

कैट को और मजबूत बनाने पर जोर

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि कैट को देश के सबसे मजबूत व्यापारी संगठन के रूप में और अधिक सशक्त करने की जरूरत है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने तथा व्यापारिक समुदाय की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया।

स्वदेशी को जनआंदोलन बनाने की तैयारी

राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय उत्पादों के उपयोग और प्रचार-प्रसार को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रति उपभोक्ताओं का बढ़ता विश्वास देश की आर्थिक मजबूती का आधार बन सकता है।

हर जिले में संगठन मजबूत करने का आह्वान

कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने प्रदेश के व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया।

डिजिटल बाजार से जुड़ें छोटे और मध्यम व्यापारी

कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि भोपाल का सम्मेलन मध्यप्रदेश के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का संदेश है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग केवल अपने व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन और विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को तकनीक, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और नए बाजारों से जोड़ना समय की जरूरत है। कैट मध्यप्रदेश ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को प्रदेश के हर बाजार तक पहुंचाने के लिए काम करेगा।

कराधान से ई-कॉमर्स तक चर्चा

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने व्यापार, कराधान, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और व्यापारिक संगठनों की भूमिका से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधियों ने व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प भी लिया।

सम्मेलन में कैट के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button