Navratri Vrat Recipe: कुट्टू की रोटी बेलते समय टूटती है? अपनाएं ये तरीका, बनेगी सॉफ्ट और स्वादिष्ट

नवरात्रि के व्रत में फलाहार के लिए लोग कई तरह की चीजें बनाकर खाते हैं. इस दौरान कुट्टू के आटे से पूरी, पराठे और पकौड़े बनाए जाते हैं. कई जगहों पर इसकी रोटी भी बनाई जाती है लेकिन ज्यादातर लोगों की रोटी बेलते वक्त टूटने लगती है. अगर आप भी इस परेशानी की वजह से घर पर कुट्टू की रोटी बनाने से बचते हैं तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको कुट्टू के आटे से नरम, मुलायम और फुल्के की तरह फूली हुई रोटी बनाने का आसान तरीका बताएंगे. इसे घी लगाकर आलू की सब्जी, दही या अपनी पसंद के फलाहारी व्यंजन के साथ खा सकते हैं. तो आइए जानते हैं कुट्टू की सॉफ्ट रोटी बनाने का आसान तरीका.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
2 कप कुट्टू का आटा
2 कप पानी
1 छोटा चम्मच देसी घी
सेंधा नमक स्वादानुसार (
सूखा कुट्टू का आटा, बेलने के लिए
घी जरूरत के मुताबिक
कुट्टू की सॉफ्ट रोटी कैसे बनाएं?
- कुट्टू की रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 2 कप पानी डालकर गर्म करें. इसमें सेंधा नमक और एक छोटा चम्मच देसी घी डाल दें. पानी में उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें. अब इसमें 2 कप कुट्टू का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि आटा पूरा पानी सोख ले और मिश्रण गाढ़ा हो जाए.
- अब बर्तन को ढककर 5 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे को एक प्लेट या परात में निकाल लें. आटा गर्म होगा, इसलिए इसे थोड़ा संभलकर छुएं. हाथों पर थोड़ा घी लगाकर आटे को हल्के हाथों से गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटे को पूरी तरह ठंडा न होने दें, क्योंकि हल्का गर्म रहने पर इसे गूंथना आसान होता है. अगर आटा बहुत गर्म लगे तो कुछ मिनट इंतजार कर सकते हैं.
- आटा गूंथने के बाद इसे ढककर रख दें, ताकि यह सूखे नहीं. अब इसकी मध्यम आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को सूखे कुट्टू के आटे में लपेटें और हल्के हाथों से बेल लें. बेलते समय जरूरत के मुताबिक सूखा आटा लगाते रहें, ताकि रोटी चिपके नहीं. इसे बहुत पतला बेलने के बजाय मध्यम आकार में रखना बेहतर रहेगा.
- अब तवे को अच्छी तरह गर्म करें और उस पर बेली हुई रोटी डाल दें. जब रोटी एक तरफ से हल्की पक जाए तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ भी कुछ देर सेंकें. इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. इसी तरह बाकी रोटियां भी बना लें.
- गरमा-गरम और मुलायम कुट्टू की रोटी तैयार है. इसे घी लगाकर व्रत में आलू की सब्जी, दही या अपनी पसंद के फलाहारी व्यंजन के साथ खा सकते हैं.





