सर्दियों में बनाएं स्वाद और सेहत से भरपूर मेथी-मूंगफली की सब्जी, जानें आसान रेसिपी

सर्दियों में बाजार में हरी मेथी खूब मिलने लगती है. आमतौर पर लोग मेथी से पराठे, आलू-मेथी या मेथी की दूसरी सब्जियां बनाते हैं. लेकिन अगर आप हर बार एक जैसा स्वाद खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार मेथी-मूंगफली की सब्जी ट्राई कर सकते हैं. इसमें मूंगफली का कुरकुरापन, नारियल की हल्की मिठास और मसालों का चटपटा स्वाद मिलता है. इसे आलू के साथ बनाया जाता है, जिससे सब्जी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

मेथी-मूंगफली की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
    हरी मेथी – डेढ़ कप
    मूंगफली – 1/4 कप
    आलू – 2
    प्याज – 1
    सरसों का तेल – 1 बड़ा चम्मच
    जीरा – 2 छोटे चम्मच
    हींग – 1/4 छोटा चम्मच
    हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
    नमक – स्वादानुसार
    सूखा नारियल – 2 बड़े चम्मच
    अदरक – आधा इंच
    लहसुन – 4-5 कलियां
    सूखी लाल मिर्च – 2-3
    साबुत धनिया – 1 बड़ा चम्मच
    सौंफ – 1 छोटा चम्मच
    अमचूर पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच

मेथी-मूंगफली की सब्जी बनाने का तरीका
सबसे पहले मेथी की पत्तियों को अच्छी तरह साफ करके धो लें. पानी सूखने के बाद पत्तियों को बारीक काट लें. आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काटें और प्याज को भी बारीक काटकर रख लें.

अब मिक्सर में मूंगफली, सूखा नारियल, अदरक, लहसुन, सूखी लाल मिर्च, एक छोटा चम्मच जीरा, साबुत धनिया और सौंफ डालें. इन्हें दरदरा पीस लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी डाल सकते हैं, लेकिन मिश्रण को बहुत पतला न करें.

एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें बचा हुआ एक छोटा चम्मच जीरा और हींग डालें. जीरा चटकने लगे, तो प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब कटे हुए आलू, हल्दी और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. आलू को कुछ मिनट तक भूनें.

अब कड़ाही में तैयार किया हुआ मूंगफली और मसालों का मिश्रण डालें. इसे लो फ्लेम पर कुछ मिनट तक भूनें, ताकि मसालों की कच्ची महक दूर हो जाए. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर ढक दें और आलू को नरम होने तक पकाएं.

जब आलू लगभग पक जाएं, तो कटी हुई मेथी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे कुछ मिनट तक पकने दें, जब तक मेथी नरम न हो जाए. आखिर में अमचूर पाउडर डालें और सब्जी को अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें.

प्रो टिप:
    मेथी को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना उसका कलर और ताजगी कम हो सकती है.
     मूंगफली और नारियल को दरदरा पीसने से सब्जी में अच्छा टेक्सचर आता है.
    मेथी का कड़वापन कम करना चाहते हैं, तो पत्तियों को काटने के बाद थोड़ी देर अलग रख सकते हैं.
    अगर सब्जी ज्यादा सूखी लगे, तो पकाते समय थोड़ा पानी डालें.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button