पंजाब के सभी जिलों में 27 नवंबर को ब्लैकआउट, रात 8 बजे बजेगा खतरे का सायरन

चंडीगढ़.

पंजाब में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर को रात आठ बजे राज्य के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत होने वाले इस अभ्यास की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी।

दो मिनट तक ऊंची और धीमी आवाज वाला सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित जिलों के उपायुक्त और नागरिक सुरक्षा नियंत्रक चिन्हित क्षेत्रों में सांकेतिक ब्लैकआउट लागू करेंगे। इन इलाकों के लोगों को गैर-जरूरी रोशनी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। अभ्यास के समापन पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज वाला सायरन बजाकर ‘आल क्लियर’ यानी खतरा टलने का संकेत दिया जाएगा।

आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
फिरोजपुर में यह अभ्यास शहर के सिविल अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर हिमांशु अंडर ट्रेनिंग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पतालों और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।

घबराएं नहीं शांत रहें
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सायरन सुनकर शांत रहें, मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग करें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह केवल पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास होगा, वास्तविक हवाई हमले या किसी आपात स्थिति का अलर्ट नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button