जनता की राय लेने के लिए AAP का हस्ताक्षर अभियान शुरू, गिरफ्तारी पर जेल से सरकार चलाएं या अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दें

नई दिल्ली
दिल्ली की आप सरकार ने अपने हस्ताक्षर मैं भी केजरीवाल अभियान शुक्रवार से शुरुआत कर दी है। इस अभियान में आप नेता दिल्ली नगर निगम के सभी वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से पूछ रहे हैं कि क्या केजरीवाल को गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देना चाहिए या जेल से ही सरकार चलानी चाहिए। साथ ही आप नेता लोगों को बता रहे हैं कि शराब घोटाला फर्जी है।

बुकलेट में दर्ज किया लोगों का ब्योरा
इस अभियान में दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने लक्ष्मी नगर स्थित गणेश नगर वार्ड में मैं भी केजरीवाल अभियान की शुरुआत करते हुए घर-घर जाकर लोगों से पूछा कि क्या मोदी जी भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। क्या केजरीवाल को गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा दे देना चाहिए या जेल से ही सरकार चलानी चाहिए है। इन सभी सवालों के जवाबों और हर घर का ब्योरा एक बुकलेट में दर्ज किया जा रहा है। साथ ही गोपाल राय ने लोगों शराब घोटाले के बारे में जानकारी देते हुए बता रहे हैं कि यह घोटाला फर्जी है।

20 दिन चलेगा आप का अभियान
शुक्रवार से शुरू हुआ आप का ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान 20 दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान में आप सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी दिल्ली के 2600 पोलिंग स्टेशनों में घर-घर जाएंगे और लोगों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे। फिर 21 से 24 दिसंबर तक विधायक और पार्षद सभी वार्डों में जनसंवाद करके भी जनता की राय लेंगे।

इस अभियान की जानकारी देते हुए गोपाल राय ने कहा कि आप सरकार जिस तरह से दिल्ली में काम कर रही है, उसे देखकर भाजपा के शीर्ष नेताओं और पीएम को लगने लगा है कि दिल्ली में किसी भी कीमत पर भाजपा अपनी सरकार नहीं बना सकती। लिहाजा किसी भी तरह से अरविंद केजरीवाल को खत्म किया जाए और आप के बढ़ते कारवां को रोक दिया जाए।  इसी के तहत फर्जी शराब घोटाले का केस बनाकर आप के एक-एक नेता को जेल में बंद करने का सिलसिला शुरू किया है। उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, मंत्री रहे सत्येंद्र जैन को जेल में बंद किया गया। अब केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी हो रही है। इसके पीछे भाजपा का मकसद है कि केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तो दिल्ली की सरकार गिराई जा सकती है और आप को तोड़कर उसे खत्म किया जा सकता है।

तैयार किया गया पम्पलेट
पार्टी ने एक पम्पलेट तैयार किया है, जो घर-घर जाकर लोगों को दिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों के साथ पम्प लेट में कही गई बातों पर चर्चा करेंगे कि आखिर तथाकथित शराब घोटाला फर्जी कैसे है? अरविंद केजरीवाल को मोदी जी क्यों गिरफ्तार करना चाहते हैं? क्या पीएम अरविंद केजरीवाल के काम का मुकाबला कर सकते हैं या नहीं? क्या पीएम भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं? आखिर में लोगों से पूछा जाएगा कि अगर गिरफ्तारी होती है तो क्या अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए या नहीं देना चाहिए?

भाजपा जानती है कि केजरीवाल के हाथों ही उसकी गंदी राजनीति समाप्त होगी: चड्ढा
राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा पूरे देश में केवल अरविंद केजरीवाल को अपनी चुनौती समझती है। भाजपा अच्छी तरह जानती है कि केजरीवाल के हाथों ही उसकी गंदी राजनीति समाप्त होगी। भाजपा को लगता है कि अगर अरविंद केजरीवाल को किसी फर्जी मुकदमे में गिरफ्तार करने में सफल होते हैं तो आप खत्म हो जाएगी और दिल्ली सरकार ठप हो जाएगी। लेकिन ऐसा कतई नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button