नई सरकार बनते ही महिला वोटर्स पर होगी धनवर्षा

 

भोपाल

प्रदेश में भाजपा की सरकार बने या कांग्रेस की दिसंबर माह में लाडली बहनों को नयी सरकार 15 सौ रुपए का गिफ्ट देकर धनवर्षा की शुरुआत करेगी। भाजपा सरकार ने बहनों को तोहफा देने के लिए अभी से बजट का इंतजाम करना शुरू कर दी है। वहीं अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो कांग्रेस की सरकार भी लाडली बहनों को 15 सौ रुपए का धनवर्षा के साथ अपनी पारी की शुरुआत करेगी।  कांग्रेस ने पहले ही अपने वचनपत्र में नारी सम्मान के तहत महिलाओं को 15 सौ रुपए देने की गारंटी दे चुकी है।

प्रदेश में लाडली बहना योजना की शुरुआत वर्ष 2023 मार्च में हुई थी। बीजेपी सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जून माह से उनके खाते में 1000 रुपए देना3 शुरू की। अगस्त से बीजेपी सरकार ने  राशि में बढ़ोतरी करके  1250 रुपए कर दी। बीजेपी ने चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र में लाडली बहनों को प्रतिमाह 3 हजार रुपए राशि देने की बात कहीं है। साथ ही लाडली बहनों को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराने का संकल्प भी बीजेपी ने लिया है। प्रदेश में मौजूदा समय में एक करोड़ 30 लाख लाडली बहनों  को आर्थिक सहायता सरकार मुहैया करा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में अप्रैल माह में  प्रदेश में  लोकसभा चुनाव का बिगुल बज जाएगा। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए भाजपा की सरकार हो या कांग्रेस की दोनों पार्टियां प्रदेश की आधी आबादी को साधने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में जहां भाजपा के खाते में 28 सीटे हैं तो वहीं कांग्रेस के खाते में मात्र एक सीट है। अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो बीजेपी लाडली बहना के सहारे प्रदेश की लोकसभा की सभी  सीटों को जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। वहीं अगर कांग्रेस की सरकार आती है कि कांग्रेस भी नारी सम्मान के तहत लोकसभा की  अधिक से अधिक सीट जीतने के लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी।

महिलाएं बनेंगी लोकसभा में गेम चेंजर…
विधानसभा चुनाव को लेकर अगर एक्जिट पोल के आंकड़ों पर गौर करें तो बीजेपी को कुल  महिला मतदाताओं में से 47 फीसदी वोट मिला होगा। कांग्रेस को 39 फीसदी तो अन्य राजनीतिक दलों को मात्र 13 फीसदी महिलाओं ने वोट दिया है। अगर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनती है तो आगामी लोकसभा चुनाव बीजेपी लाडली बहनों के सहारे लड़ेगी। मौजूदा समय में  प्रदेश में बीजेपी की चार महिलाएं सांसद है। आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी महिला उम्मीदवरों पर एक बार दांव और खेल सकती है। नारी शक्ति वंदन कानून बन जाने के बाद लोकसभा चुनाव को मददेनजर रखते हुए बीजेपी आधी आबादी को साधने की भरपूर कोशिश करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button