CM शिवराज नव पुलिस आरक्षकों को देश भक्ति जनसेवा के देंगे टिप्स

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नव पुलिस आरक्षकों को देश भक्ति जनसेवा के टिप्स देने वाले हैं। इसके साथ ही उन्हें नियुक्ति पत्र भी सीएम देंगे। प्रदेश पुलिस के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब मुख्यमंत्री स्वयं नव आरक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे।  प्रदेश में हाल ही में 6 हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई है। इस प्रक्रिया के बाद इन आरक्षकों को ट्रैनिंग पर भेजा जाएगा। ट्रैनिंग पर भेजने से पहले मुख्यमंत्री इन सभी आरक्षकों से सीधी बात करेंगे। यह आयोजन लाल परेड मैदान पर जल्द ही आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ ही गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना और पुलिस के आला अफसर मौजूद रहेंगे।

प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग देने की मंशा से मुख्यमंत्री पुलिस महकमे के आरक्षकों को संबोधित कर उन्हें बताएंगे कि जनता में पुलिस की छवि बेहतर करने में उनकी ही सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बाद ही इन सभी को नियुक्ति पत्र भी इसी आयोजन में दिए जाएंगे। इस आयोजन को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। यह आयोजन पहले जनवरी के पहले सप्ताह में होने वाला था, लेकिन फिलहाल इसे टाल दिया गया है, अब ऐसा माना जा रहा है कि अगले सप्ताह यह आयोजन होगा।

पांच साल बाद हुई भर्ती
प्रदेश में 6 हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती करीब पांच साल बाद हुई है। इससे पहले वर्ष 2016 में यह भर्ती हुई थी। इसके बाद 6 हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती वर्ष 2021 में की गई। इनकी सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई और अब इन्हें ट्रैनिंग पर भेजा जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button