भोपाल चैंबर चुनाव में गोविंद गोयल की जीत, तेजकुलपाल सिंह पाली को 191 मतों से हराया
40 राउंड की मतगणना के बाद घोषित हुआ परिणाम, नई कार्यकारिणी के सभी पद भी हुए तय

भोपाल।
राजधानी की सबसे प्रभावशाली और प्रतिष्ठित व्यापारी संस्था भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (BCCI) के त्रैवार्षिक चुनाव (2026–2029) में अध्यक्ष पद पर गोविंद गोयल ने जीत दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया है। गोयल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली को 191 मतों के अंतर से पराजित किया।
कुल 1999 मतों की गणना में गोविंद गोयल को 1085 वोट प्राप्त हुए, जबकि तेजकुलपाल सिंह पाली को 894 वोट मिले। मतगणना के दौरान 13 मत अमान्य घोषित किए गए। कड़ी प्रतिस्पर्धा और उतार–चढ़ाव से भरे इस चुनाव में 40 राउंड की लंबी मतगणना के बाद देर शाम निर्वाचन अधिकारियों द्वारा परिणाम घोषित किया गया।

मतगणना में देरी, फिर शुरू हुई लंबी गिनती
मतगणना प्रक्रिया तय समय पर प्रारंभ नहीं हो सकी। मतदान देर शाम तक चलने तथा बैलेट पेटियों को सुरक्षा कारणों से श्यामला हिल्स थाना में सुरक्षित रखे जाने के कारण पेटियां देर से मानस भवन पहुंचीं। उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बैलेट पेटियां थाने में जमा करवाई गई थीं।
इसी कारण मतगणना लगभग तीन घंटे की देरी से शुरू हुई। दोपहर करीब 12 बजे मतपत्रों के बंडल तैयार किए गए, जिसके बाद विधिवत गिनती प्रारंभ हुई। पूरे समय निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रत्याशियों के एजेंट और चुनाव पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
करीब 2 हजार व्यापारियों ने किया मतदान
रविवार को हुए मतदान में भोपाल के लगभग 2 हजार व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें टेंडर वोट और पोस्टल बैलेट भी शामिल थे। अध्यक्ष पद के लिए गोविंद गोयल और तेजकुलपाल सिंह पाली के बीच सीधा और कांटे का मुकाबला रहा।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और अनुभवी संगठनकर्ता गोविंद गोयल के चुनाव मैदान में उतरने से यह चुनाव शुरुआत से ही खासा चर्चित रहा। पूरे चुनाव और मतगणना की प्रक्रिया को लगभग 170 सदस्यों की चुनावी टीम ने शांतिपूर्ण, अनुशासित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया।
नई कार्यकारिणी भी हुई घोषित
अध्यक्ष पद के साथ-साथ चेंबर की नई कार्यकारिणी के सभी प्रमुख पदों पर भी चुनाव संपन्न हो गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
-
अध्यक्ष: गोविंद गोयल
-
महामंत्री: ललित तांतेड़
-
उपाध्यक्ष: कमल पंजवानी, प्रदीप अग्रवाल (वीनस), आदित्य जैन (मनया), अरविंद जैन (सुपारी)
-
मंत्री: अजय देवनानी (अज्जू), संजीव जैन, सुनील जैन (जेनाविन)
-
कोषाध्यक्ष: प्रदीप सेवानी
-
सह-कोषाध्यक्ष: गोपाल सोनी
-
अतिरिक्त कोषाध्यक्ष: अजय गुप्ता (मुन्ना)
- कार्यकारिणी सदस्य : सोनू भाभा, अनिल मिश्रा, आयुष मोदी, मनोज साहू, अखिलेश मित्तल, दर्शन गर्ग, सुलभ अग्रवाल, सुनील पंजाबी, आदित्य सिंघई, दिनेश बञा, सुशील बाफना, अनुराग पवैया, नवीन अग्रवाल, सचिन जैन, स्मिथ जैन, राजेश गुप्ता, कमल भंडारी, सीएस अमित जैन, सचिन संगतानी, अनिल चुग, रामेश्वर अग्रवाल, विकास जैन गोधा, मनोज नागरानी व जवाहर कोटवानी।
जीत के बाद उत्साह, व्यापारियों को नई उम्मीद
परिणाम घोषित होते ही विजयी पैनल के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। गोविंद गोयल को बधाइयों का तांता लग गया। व्यापारिक संगठनों और वरिष्ठ व्यापारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम चेंबर को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और व्यापारी–हितैषी दिशा में आगे बढ़ाएगी।
व्यापारी वर्ग को अब नई कार्यकारिणी से कर, जीएसटी, नगर निगम, प्रशासनिक समन्वय, बाजार विकास और व्यापारी सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ठोस पहल की अपेक्षा है। भोपाल के व्यापारिक परिदृश्य में यह चुनाव एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
पाली ने दी बधाई
प्रगतिशील पैनल से अध्यक्ष पर प्रत्याशी तेलकुलपाल सिंह पाली ने भी नए अध्यक्ष गोयल व सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संदेश प्रेषित किया है। उन्होंने कहा कि भोपाल चेंबर के सभी सम्मानित सदस्यों का मैं हृदय से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने इस चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया और मुझे अपना बहुमूल्य समर्थन दिया। चुनाव परिणाम को मैं पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करता हूँ और नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद गोयल जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ। आशा है कि चेंबर व्यापारी हितों के लिए मजबूती से कार्य करता रहेगा।





