सेंट मैरी स्कूल ने जीती रोटरी क्लब की अंतर-स्कूली जीके क्विज
13वीं वार्षिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 550 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; माउंट कारमेल दूसरे और कारमेल कॉन्वेंट स्कूल तीसरे स्थान पर रहा, 44 शिक्षकों का सम्मान

भोपाल। शिक्षक दिवस से पूर्व रोटरी क्लब ऑफ भोपाल मिडटाउन की 13वीं वार्षिक अंतर-स्कूली सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 1 और 2 सितंबर को किया गया। राज्य पुरातत्व विभाग, मध्यप्रदेश के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले राज्य संग्रहालय के ऑडिटोरियम में हुए।
550 विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों के करीब 550 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रारंभिक चरण के बाद सेमीफाइनल में 20 टीमों का चयन किया गया, जबकि अंतिम मुकाबले में 6 टीमों ने अपनी जगह बनाई। विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, इतिहास, विज्ञान, समसामयिक घटनाओं और अन्य विषयों से जुड़े सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया।

सेंट मैरी स्कूल ने हासिल किया पहला स्थान
कड़े मुकाबले के बाद सेंट मैरीज़ हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। माउंट कारमेल स्कूल दूसरे और कारमेल कॉन्वेंट स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि पीडीजी अलोक बिल्लौरेजी तथा पंजाब एंड सिंध बैंक की महाप्रबंधक एवं रोटरी क्लब ऑफ भोपाल मिडटाउन की अध्यक्ष तरुणा तनेजा ने सम्मानित किया।
शिक्षकों के योगदान को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 44 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और ज्ञानवर्धन में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।

जवाहरलाल नेहरू स्कूल में इंट्रैक्ट क्लब का गठन
इसी अवसर पर जवाहरलाल नेहरू स्कूल में रोटरी इंट्रैक्ट क्लब का गठन भी किया गया। क्विज प्रतियोगिता के दौरान नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा, अनुशासन और सामुदायिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
क्विज मास्टर्स और आयोजन टीम की भूमिका
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन विधि शोभानी ने किया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता रोटेरियन आर्किटेक्ट जी. संजीव ने की, जबकि आर्किटेक्ट अनुपमा संजीव सह-अध्यक्ष रहीं। क्विज मास्टर्स के रूप में अमित तनेजा, पालकी छाजेड़, शुभ्रांशु उपाध्याय और सुयश ने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और प्रतियोगिता को रोचक बनाए रखा।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाती हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्कूलों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्लब के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





