मुनाफे का बैंक बेचने पर आमादा सरकार! आईडीबीआई के निजीकरण के खिलाफ बैंककर्मियों का हल्ला बोल
भोपाल में बैंक कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, पूछा- 9500 करोड़ से ज्यादा मुनाफा कमाने वाले बैंक को बेचने की जरूरत क्यों? 3 दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल, लाखों कर्मचारी-अधिकारी होंगे शामिल

विवेक झा, भोपाल। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को मजबूत करने के बजाय उन्हें निजी हाथों में सौंपने की सरकार की नीति पर बैंक कर्मचारियों ने सवाल खड़े किए हैं। बैंककर्मियों का कहना है कि जिस आईडीबीआई बैंक ने पिछले वित्त वर्ष में 9500 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा कमाया है, उसे बेचने का फैसला समझ से परे है। आखिर मुनाफे में चल रहे बैंक का निजीकरण क्यों किया जा रहा है? सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण के विरोध में बुधवार शाम भोपाल में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद सभा आयोजित कर आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया गया। कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने निजीकरण का फैसला वापस नहीं लिया तो 3 दिसंबर 2026 को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की जाएगी, जिसमें देशभर के लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे।

जनता के पैसे से खड़े बैंक को बिक्री की वस्तु न समझे सरकार
बुधवार शाम 6 बजे विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी एमपी नगर जोन-2 स्थित आईडीबीआई बैंक शाखा के सामने एकत्रित हुए। यह प्रदर्शन चेतक ब्रिज और रेलवे ट्रैक के पास स्थित शाखा के सामने किया गया। कर्मचारियों ने निजीकरण और विदेशीकरण के खिलाफ नारे लगाए और सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि आईडीबीआई बैंक का निजीकरण केवल एक बैंक को बेचने का मामला नहीं है। इसका सीधा संबंध सार्वजनिक क्षेत्र, बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, शेयरधारकों और देश की अर्थव्यवस्था से है। वक्ताओं ने कहा कि जिस सार्वजनिक संस्थान के पुनर्निर्माण में जनता के धन का इस्तेमाल हुआ हो, उसे केवल बिक्री योग्य संपत्ति मानकर निजी हाथों में सौंपना उचित नहीं है।
9500 करोड़ का मुनाफा, फिर बैंक बेचने की क्या मजबूरी?
बैंक कर्मचारी नेताओं ने आईडीबीआई बैंक के मुनाफे को आधार बनाकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि बैंक ने पिछले वित्त वर्ष में 9500 करोड़ रुपए से अधिक का मुनाफा कमाया है। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आर्थिक रूप से बेहतर प्रदर्शन कर रहे बैंक को निजी हाथों में सौंपने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
वक्ताओं ने मांग की कि बैंक के विनिवेश और बिक्री की पूरी प्रक्रिया का विवरण सार्वजनिक किया जाए। किसी भी आगे की कार्रवाई से पहले स्वतंत्र जांच और मूल्यांकन कराया जाए, ताकि बैंक की वास्तविक स्थिति और उसके मूल्य को लेकर पारदर्शिता बनी रहे।
निजीकरण के खिलाफ देशभर में आंदोलन की तैयारी
तीनों केंद्रीय बैंक कर्मचारी संगठनों ने आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में 3 दिसंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल से पहले देशभर में प्रदर्शन, कर्मचारियों द्वारा विरोध बैज धारण करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभियान चलाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भोपाल में हुआ प्रदर्शन भी इसी आंदोलन की कड़ी था। कर्मचारी संगठनों ने कहा कि सरकार ने यदि निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। 3 दिसंबर की हड़ताल के जरिए सरकार तक कर्मचारियों का विरोध पहुंचाया जाएगा।
सरकार से तीन प्रमुख मांगें
बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी हैं। पहली, आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। दूसरी, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की रक्षा की जाए और निजीकरण का निर्णय वापस लिया जाए। तीसरी, विनिवेश और बिक्री प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक कर स्वतंत्र जांच एवं मूल्यांकन कराया जाए।
सभा को साथी नजीर कुरेशी, दीपक रतन शर्मा, गुणाशेखरन, महेंद्र गुप्ता, देवेंद्र खरे, वैभव गुप्ता, एमएस जयशंकर, भगवान स्वरूप कुशवाहा और अभिक शर्मा ने संबोधित किया। प्रदर्शन में सत्येंद्र चौरसिया, प्रशांत पाटिल, अमित गुप्ता, राशि, राज भारती, राजेश, देवीदास सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो 3 दिसंबर की हड़ताल के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





