गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र का विकास निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर : राज्यमंत्री गौर

गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र का विकास निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर : राज्यमंत्री  गौर

3.23 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हुआ भूमि-पूजन
सड़क, नाली, रिटेनिंग वॉल और वाचनालय निर्माण से रहवासियों को मिलेगी मूलभूत सुविधाओं की सौगात

भोपाल
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर कुल 3 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया।

राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि "गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र विकास का पर्याय बनकर निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर है। क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी संभव नहीं है। जनता का अभूतपूर्व उत्साह और प्रगाढ़ विश्वास ही हमें जनसेवा एवं क्षेत्र के नवनिर्माण की ऊर्जा प्रदान करता है। जब क्षेत्र में सतत विकास कार्य संपादित होते हैं, तो नागरिकों की अपेक्षाएं बढ़ना स्वाभाविक है और उन अपेक्षाओं को पूर्ण करना ही हमारा सर्वोपरि लक्ष्य है। जनसुविधाओं का सुदृढ़ीकरण एवं क्षेत्र को प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर रखना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।"

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि "जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है और विकास के नए अवसर सृजित हुए हैं। क्षेत्र में विकास की निरंतर धारा प्रवाहित हो रही है। गरीबों के कल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रत्येक बस्ती में सड़क, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को सुविधाजनक बनाना है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।"

विश्वकर्मा नगर, पंचपीर नगर और रविदास नगर में सुगम आवागमन के लिए सड़क एवं नाली निर्माण

विकास कार्यों के अंतर्गत वार्ड 57 की विश्वकर्मा नगर स्लम बस्ती के बिहारी मोहल्ला और बंगाली मोहल्ला में 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़कों का भूमिपूजन किया गया। इन मार्गों के निर्माण से स्थानीय रहवासियों को सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, पंचपीर नगर और रविदास नगर बस्ती में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़कों एवं नाली निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई, जिससे स्थानीय ट्रैफिक व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी।

साकेत नगर में 2 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 350 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल

क्षेत्रीय सुरक्षा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से साकेत नगर में माधव बाल उद्यान से रवींद्रनाथ टैगोर परिसर तक लगभग 350 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण 2 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, साकेत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सुगम आवागमन के लिये 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़कों का शिलान्यास संपन्न हुआ।

एम्स हॉस्पिटल के समीप वाचनालय निर्माण की सौगात

क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने और अध्ययनरत युवाओं एवं नागरिकों की सुविधा के लिए एम्स हॉस्पिटल के समीप वाचनालय (रीडिंग रूम) निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इस निर्माण कार्य से स्थानीय विद्यार्थियों को शांत एवं सुव्यवस्थित अध्ययन स्थल प्राप्त होगा।

समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button