आपरेशन ‘स्वयंसिद्धा’ में लगभग एक लाख छात्राओं को सिखाए आत्‍मरक्षा के गुर

भोपाल
पुलिस आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही स्कूल और कालेज में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखा रही है। इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश पुलिस ने जुलाई 2022 से फरवरी 2023 तक आठ माह में पूरे प्रदेश में 99231 छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। मध्य प्रदेश पुलिस की महिला शाखा द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में आपरेशन ‘स्वयंसिद्धा’ चलाया जा रहा है।

प्रदेश में आठ माह में 1044 शिविर लगाए
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जुलाई 2022 से फरवरी 2023 तक पूरे प्रदेश में 1044 शिविरों का आयोजन किया गया। सबसे अधिक सितंबर 2022 में 180 शिविर आयोजित किए गए। इस माह में कुल 18788 छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी गई। इसी तरह जनवरी 2023 में 156 शिविर आयोजित कर 11421 छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया। फरवरी 2023 में 149 शिविरों में 20021 व दिसंबर 2022 में 148 शिविरों में 11773 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। अक्टूबर 2022 में 126 कार्यक्रम आयोजित कर 13162, अगस्त 2022 में 104 शिविर में 9755 छात्राओं को गुर सिखाए गए। इसी तरह जुलाई 2022 में 93 शिविर में 8749 छात्राओं को और नवंबर 2022 में 88 शिविर में 5562 छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाए गए।

रायसेन जिले में सबसे अधिक शिविर आयोजित
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘स्वयंसिद्धा’ के तहत रायसेन जिले में आठ माह में सबसे अधिक शिविर आयोजित किए गए। रायसेन में जुलाई 2022 से फरवरी 2023 के बीच कुल 204 शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में जिले की 3436 छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया। इसी तरह पन्ना जिले में 94 शिविरों में 8817 छात्राओं को, सतना जिले में 71 शिविरों में 4185, हरदा जिले में 68 शिविरों में 4936, आलीराजपुर में 59 शिविरों में 6120, आगर जिले में 2805 छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इसी प्रकार सिंगरौली में 39 शिविरों में 5572 और सीधी में 36 शिविरों में 5340 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया।

छात्राओं को सशक्त और सबल बनाना है उद्देश्य
पुलिस का कहना है कि इस स्कूल और कॉलेज की छात्राओं को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है। स्कूली छात्राओं को गुड टच और बैड टच की भी जानकारी दी जाती है। ऑपरेशन ‘स्वयंसिद्धा’ चलाने का उद्देश्य छात्राओं को सशक्त और सबल बनाना है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिलने पर छात्राओं को मुश्किल हालात में मनचलों और बुरी नजर से देखने वालों से निपटने में आसानी होती है। छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देने के लिए पूरे प्रदेश में पुलिस द्वारा लगातार इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते हैं।

छात्राओं को किया जाता है जागरूक
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन ‘स्वयंसिद्धा’ के तहत छात्राओं को पुलिस के हेल्पलाइन नंबर्स पुलिस हेल्पलाइन 100/112 , महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, राष्ट्रीय महिला आयोग, 9827170170 आदि के बारे में भी बताया जाता है। साथ ही साइबर क्राइम और मानव दुर्व्यापार के बारे में भी जागरूक किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button