प्याज वाली राजस्थानी कढ़ी की आसान रेसिपी

कढ़ी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है, जिसे लोग चावल या रोटी के साथ बड़े चाव से खाते हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों में कढ़ी की कई वैरायटी बनाई जाती है जैसे पकोड़े वाली कढ़ी, पंजाबी कढ़ी, गुजराती कढ़ी. आज हम आपको प्याज वाली कढ़ी बनाना बताएंगे जो खासतौर पर राजस्थान में काफी फेमस है.
राजस्थानी स्टाइल में बनी यह कढ़ी खाने में काफी टेस्टी होती है और इसे बनाना भी बहुत आसान है. आप इसे लंच में चावल या रोटी के साथ आसानी से बना सकते हैं. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना पसंद करेंगे. तो आइए जानते हैं प्याज वाली कढ़ी कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कप दही
2 बड़ा चम्मच बेसन
1 प्याज
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच राई
2 छोटा चम्मच मेथी दाना
1 चुटकी हींग
1 बड़ा चम्मच घी
तड़के के लिए
1 छोटा चम्मच जीरा
1 बड़ा चम्मच घी
1 छोटा चम्मच खड़ा धनिया
1 साबुत लाल मिर्च
15 कढ़ी पत्ता
प्याज वाली कढ़ी बनाते कैसे हैं?
प्याज की कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दही डालकर उसे अच्छी तरह फेंट लें.
अब इसमें बेसन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और जरूरत अनुसार पानी मिलाकर स्मूद घोल तैयार कर लें, ध्यान रखें कि इसमें गांठें न रहें.
इसके बाद एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें राई व मेथी दाना डालकर चटकने दें. फिर हींग और कटा हुआ प्याज डालकर तब तक पकाएं जब तक प्याज नरम न हो जाए.
अब इसमें तैयार किया हुआ कढ़ी का घोल डालें और जरूरत के अनुसार पानी मिलाएं. स्वादानुसार नमक डालकर इसे मीडियम गैस पर लगभग 15 मिनट तक पकाएं.
तड़के के लिए एक छोटी कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें जीरा और खड़ा धनिया डालकर भूनें, फिर कढ़ी पत्ता और साबुत लाल मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक तड़का लगाएं.
अंत में यह तड़का कढ़ी में डाल दें. अब आपकी टेस्टी प्याज की कढ़ी तैयार है. इसे गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ परोसें.





