भोपाल में शुरू हुई AC इलेक्ट्रिक बसों की कमर्शियल सेवा, जीरो पॉल्यूशन के साथ मिलेगा आरामदायक सफर

भोपाल 
 मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने 10 नई एयर कंडीशंड इलेक्ट्रिक बसों का कमर्शियल संचालन शुरू कर दिया है. 10 दिनों के सफल ट्रायल के बाद शुरू हुई इस सेवा में पहले ही दिन 2 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया. हालांकि, आधुनिक सुविधाओं से लैस ये बसें फिलहाल शहर के दो प्रमुख रूटों पर ही चलाई जा रही हैं, आगे चलकर इन्हें अन्य मार्गो पर भी उतारा जाएगा। 

10 ई-बसों से शुरू हुआ कमर्शियल संचालन
भोपाल के लिए स्वीकृत 100 इलेक्ट्रिक बसों में से अब तक 21 बसें बैरागढ़ डिपो पहुंच चुकी हैं. इनमें से पहले चरण में 10 एसी ई-बसों को दो प्रमुख रूटों पर उतारा गया है. इन बसों का संचालन सुबह 6:30 बजे से रात 8 बजे तक किया जा रहा है. वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए इन्हें 15 से 20 मिनट के अंतराल पर रवाना किया जा रहा है। 

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नई ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा और आराम का विशेष ध्यान रखा गया है. बसों में 7 हाई-रिजाल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन, अगले स्टॉप की जानकारी देने वाले एलईडी डिस्प्ले और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट और एसी कूलिंग की सुविधा दी गई है. इसके अलावा नगद के साथ डिजिटल माध्यम से भी टिकट का भुगतान किया जा सकेगा. डीजल बसों की तुलना में इन बसों में शोर व कंपन ना के बराबर होता है और इनसे प्रदूषण भी नहीं होता। 

शहर के इन रूटों पर चल रहीं इलेक्ट्रिक बसें
पहला रूट चिरायु अस्पताल से बैरागढ़, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, रॉयल मार्केट, पीरगेट, कमला पार्क, न्यू मार्केट होते हुए बोर्ड आफिस तक रहेगा. यहां से बसें चेतक ब्रिज, सुभाष नगर, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, रेलवे स्टेशन और कोच फैक्टरी तक जाएंगी. वहीं, दूसरा रूट बोर्ड ऑफिस से बीजेपी कार्यालय, बिट्टन मार्केट, शाहपुरा, बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी, कोलार होते हुए बैरागढ़ चीचली तक चल रही हैं। 

पहले दिन ट्रैफिक जाम बना चुनौती
सेवा के पहले ही दिन कोच फैक्टरी रूट पर ट्रैफिक जाम ई-बसों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया. वहीं, प्रभात चौराहा से पुष्पा नगर तक अवैध दुकानों, ठेलों और अवैध पार्किंग के कारण 5 मिनट का रास्ता तय करने में बस को 21 मिनट लगे. इसके साथ ही कोलार रूट पर यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली, यहां पर और ज्यादा बसों की दरकार है. ई-बसों में किराया यात्रियों के लिए साल 2022 में तय लो-फ्लोर बसों की दरों के अनुसार ही रखा गया है. इनमें न्यूनतम किराया 9 रु और अधिकतम 40 रु प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button