बिहार में चक्रवातों ने रोकी ठंड की रफ्तार, नवंबर में भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ तापमान

पटना
बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक बनने वाले चक्रवात ने बिहार के मौसम (Bihar Weather Update) का मिजाज बदल दिया है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी बिहार में ठंड का इंतजार करना पड़ रहा है। इसकी बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली पूर्वी हवा है।
इसके प्रभाव से दिन और रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, कड़ाके की ठंड के लिए उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी और शुष्क हवा जरूरी होती है, लेकिन चक्रवाती गतिविधियों के कारण पूर्वी हवा का प्रभाव बढ़ने से ठंड बढ़ने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
अक्टूबर में चक्रवात अर्नब और नवंबर में मुरासु व अकवान ने प्रदेश के मौसम चक्र को प्रभावित किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इससे दिन में ठंड का असर और कम होगा। हालांकि, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा।
लखीसराय में सर्वाधिक वर्षा, पटना में दृश्यता 200 मीटर:
24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। लखीसराय में सर्वाधिक 45.2 मिमी वर्षा हुई। वहीं, पटना में सुबह के समय दृश्यता घटकर दो सौ मीटर रह गई। दिन में धूप निकलने और मौसम साफ होने से कई जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 32.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। पश्चिम चंपारण में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 15 वर्षों के दौरान नवंबर का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा।
सोमवार सुबह पटना सहित आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा। फिलहाल ठंड की रफ्तार धीमी होने से कड़ाके की सर्दी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा:
नालंदा के सरमेरा में 30.8 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 30.4 मिमी, कटिहार में 28 मिमी, नालंदा के बिंद में 24.6 मिमी, पटना के बेलछी में 21.2 मिमी, नालंदा के हरनौत में 19.8 मिमी, खगड़िया में 19.2 मिमी, पूर्णिया के रूपौली में 18.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, कटिहार के फलका में 15.2 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 14.6 मिमी, नालंदा के बेन में 12.8 मिमी, पूर्णिया के कस्बा में 12.6 मिमी, बेगूसराय के मटियानी में 12.6 मिमी, कटिहार के बरारी में 11.8 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 11.6 मिमी, मधेपुरा के पुरैनी में 11.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा, लखीसराय के बरहिया में 10.4 मिमी, पटना के मसौढ़ी में 10.4 मिमी, बेगूसराय के बरौनी में 9.6 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 9.2 मिमी, पटना के मोकामा में 8.6 मिमी, कटिहार के प्राणपुर में 8.4 मिमी एवं बेगूसराय के नवाकोठी में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान:
(तापमान डिग्री सेल्सियस में) शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 27.3 20.5
गयाजी 25.2 20.0
भागलपुर 26.0 20.4
मुजफ्फरपुर 26.4 19.6





