दही से गूंथा आटा बनाएगा रोटियों को घंटों तक नरम और मुलायम

अधिकतर भारतीय घरों में रोटी भोजन का सबसे अहम हिस्सा है. लेकिन कई लोगों को शिकायत रहती है कि उनकी रोटियां कुछ समय बाद पापड़ जैसी कड़क हो जाती हैं. इसका कारण उनका आटा गूंथने का तरीका है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो एक ऐसा नुस्खा है जो आपकी इस समस्या से छुटकारा दिला देगा. उनके मुताबिक, आटे को पानी के बजाय दही से गूंथने पर रोटियां न केवल लंबे समय तक नरम रहती हैं, बल्कि उनका पोषण भी बढ़ जाता है.

नमी लॉक करने का तरीका
चेन्नई के केटरिंग एक्सपर्ट मोहम्मद हुसैन ने बताया, रोटी के सख्त होने का सबसे बड़ा कारण आटे में नमी का सही संतुलन न होना है. दरअसल,  जब आप आटे में गर्म पानी के साथ थोड़ा दही मिलाते हैं तो यह नमी को रोके रखता है. इसके अलावा दही में मौजूद फैट और प्रोटीन आटे के टेक्सचर को बदल देते हैं जिससे रोटियां कैसरोल में घंटों रखने के बाद भी स्पंज जैसी मुलायम बनी रहती हैं.

गीले कपड़े का करें इस्तेमाल
उन्होंने बताया, अक्सर लोग आटे को गूंथने के बाद उस पर तेल लगा देते हैं क्योंकि उनका सोचना होता है कि इससे रोटी नरम बनेगी. लेकिन तेल लगाने से फैट की मात्रा बढ़ जाती है जिसके कारण सॉफ्टनेस कम हो जाती है. इसकी जगह आटे को गूंथने के बाद एक गीले कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे ग्लूटेन कम रहता है और रोटी अधिक नहीं खिंचतीं.

तेज आंच पर सेंकें रोटी
रोटी बनाने की तकनीक भी उतनी ही जरूरी है जितना आटा. अगर आप धीमी आंच पर रोटी सेंकते हैं तो वह पापड़ जैसी सख्त हो सकती है. एक्सपर्ट की सलाह है कि तवे पर रोटी डालते समय आंच तेज रखें. तेज आंच पर सिकी हुई रोटी अंदर से भाप के कारण फूलती है और बाहर से नरम रहती है.

डाइजेशन के लिए भी फायदेमंद
दही के साथ गूंथा हुआ आटा न केवल स्वाद बल्कि सेहत के लिए भी बेहतर है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन में मदद करते हैं और पेट को ठंडा रखते हैं. यह तरीका उन लोगों के लिए रामबाण है जिन्हें अक्सर एसिडिटी या ब्लोटिंग की समस्या रहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button