राजनांदगांव के सभी 122 उपार्जन केन्द्रों में लग रहे विशेष स्वास्थ्य शिविर

रायपुर

राजनांदगांव जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही किसानों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल के तहत किसानों को धान उपार्जन केन्द्रों में ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर  जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों में क्रमवार विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

4 समिति के 83 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण
        
 इसी कड़ी में आज राजनांदगांव जिले के चार उपार्जन केन्द्रों-कन्हारपुरी, कोहका, रतनभाठ और कोलिहापुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 83 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन शिविरों में रक्तचाप, ब्लड शुगर एवं यूरिन की जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। किसानों के साथ-साथ उपार्जन केन्द्रों में कार्यरत हमालों और समिति के कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

धान उपार्जन केन्द्रों में ही किसानों के स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा
         
आज के शिविरों में कोलिहापुरी के 30 किसानों का, कोहका के 24 किसानों का, रतनभाठ के 15 किसानों को और कन्हारपुरी धान उपार्जन केन्द्र के 14 किसानों  का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। किसानों को खेती-किसानी की व्यस्तता के चलते नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। ऐसे में एक ही स्थान पर धान विक्रय और स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से किसानों के समय की बचत हो रही है और स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान भी संभव हो पा रही है। जिला प्रशासन ने किसानों से धान विक्रय के लिए केन्द्रों में आने के दौरान इन शिविरों का लाभ उठाने और नियमित जांच कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button