गुजरात से निकली बाइक रैली का उदयपुर में भव्य स्वागत, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया आत्मीय अभिनंदन

रायपुर

सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण का संदेश लेकर गुजरात से निकली बाइक रैली के उदयपुर आगमन पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बाइक राइडर टीम का भव्य स्वागत एवं आत्मीय अभिनंदन किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस अवसर पर रैली के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि गुजरात से सेवा और संकल्प का संदेश लेकर निकली बाइक रैली के प्रतिभागियों का उदयपुर में स्वागत करना सुखद अवसर रहा। उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, एकता और सामाजिक दायित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरक प्रयास है। युवाओं की ऊर्जा जब सेवा और समाजहित के संकल्प से जुड़ती है, तो वह सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत शक्ति बन जाती है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति का मूल संस्कार है। हमारी संस्कृति हमें स्वयं से पहले समाज और राष्ट्र के हित के बारे में सोचने की प्रेरणा देती है। सेवा का संकल्प, संस्कारों का सम्मान और समाज के प्रति समर्पण हमारी पहचान और हमारी शक्ति है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।

बाइक रैली के स्वागत के पश्चात पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल बाइक राइडर टीम के सदस्यों के साथ रामगढ़ स्थितराम मंदिर पहुंचे। यहां मंत्री अग्रवाल और बाइक राइडर्स ने प्रभुराम के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर आस्था, संस्कृति और सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रभुराम का जीवन हमें मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। आज बाइक राइडर साथियों के साथ रामगढ़ की पावन धरा पर प्रभुराम के दर्शन का सौभाग्य मिला। सेवा का संदेश लेकर निकले इन युवाओं का हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना इस यात्रा को और भी सार्थक बनाता है।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ हमारी समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। हमारी धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने वाली अमूल्य विरासत हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ इनके गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा और जनकल्याण की भावना को और मजबूत कर रहा है। सेवा किसी विशेष अवसर तक सीमित न रहकर हमारे जीवन और आचरण का स्थायी संस्कार बने, यही इस अभियान का मूल संदेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button