हरियाणा की अफसरशाही में बड़े बदलाव की तैयारी, गृह सचिव सुधीर राजपाल को एक्सटेंशन नहीं

चंडीगढ़.

हरियाणा में सीनियर मोस्ट आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल को सेवा विस्तार नहीं मिलेगा।केंद्र सरकार से एक्सटेंशन का प्रस्ताव खारिज होने के बाद प्रदेश सरकार ने 30 नवंबर की दोपहर बाद उनकी सेवानिवृत्ति के आदेश जारी कर दिए।

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव का पद लंबे पद से रिक्त है, जबकि केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के सचिव अभिलक्ष लिखी भी सोमवार को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में प्रदेश की शीर्ष स्तर की अफसरशाही में बड़े स्तर पर बदलाव तय है। 1990 बैच के आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल के पास गृह, जेल, आपराधिक जांच, न्याय प्रशासन, पर्यावरण और वित्त एवं योजना जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तर्ज पर सुधीर राजपाल को एक्सटेंशन देने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा था, लेकिन यह मंजूर नहीं हुआ। गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि मुख्य सचिव को छोड़कर सामान्य परिस्थितियों में किसी आईएएस अधिकारी को सेवा विस्तार नहीं दिया जा सकता। मामले को लेकर शुक्रवार शाम को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में मुख्यमंत्री नायब सैनी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी यशपाल यादव की बैठक भी हुई। सूत्रों के अनुसार उच्चतर शिक्षा विभाग, लोकनिर्माण विभाग और वास्तुकला विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह को नया गृह सचिव बनाया जा सकता है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। चूंकि अनुराग रस्तोगी को पहले ही दो बार सेवा विस्तार मिल चुका है, इसलिए उन्हें तीसरी बार सेवा विस्तार मिलना मुश्किल है। वरिष्ठता में दूसरे नंबर की आईएएस अधिकारी और वित्त आयुक्त राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा का कार्यकाल भी 31 जनवरी को समाप्त हो रहा है। ऐसे में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अधिकारियों की कमी से जूझ रही हरियाणा सरकार ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को वापस बुलाने का आग्रह कर रखा है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रधान सचिव रहे वी उमाशंकर और अतिरिक्त प्रधान सचिव रहे डॉ. राकेश गुप्ता, पूर्व शहरी निकाय प्रधान सचिव विकास गुप्ता और चंडीगढ़ के पूर्व गृह सचिव नितिन यादव शामिल हैं। इनमें से एक अधिकारी को मुख्य सचिव और दूसरे को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button