कुमाऊं में विंटर टूरिज्म के लिए नए नियम, रजिस्ट्रेशन के बाद ही घूम सकेंगे सैलानी

नैनीताल.
कुमाऊं में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार और पर्यटन विभाग मिलकर प्रयास कर रहे हैं। हालिया सालों में कैंची धाम प्रमुख स्थल के रूप में उभरा है। ऐसे ही अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वहन क्षमता के अनुसार लोगों को एंट्री देने को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पंजीकरण के लिए एप तैयार करने का काम शासनस्तर पर किया जा रहा है। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्निवाल का आयोजन किया जाता है। मुक्तेश्वर से एमटीबी माउंटेन बाइक रेस का एक आयोजन किया गया है, जिसमें प्रतिभागी लगभग 680 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसका समापन मसूरी में होगा। विभाग की ओर से जल्द ही हिमालयन माउंटेन कार रैली का आयोजन भी प्रस्तावित है।





