शामियाने की व्यवस्था में निगम हर महीने पौने सात लाख रुपए करेगा खर्च

भोपाल

 भोपाल नगर निगम प्रशासन आगामी दो साल में टेंट संबंधित सामग्री की व्यवस्था करने में एक करोड़ 65 लाख रुपए खर्च करेगा। इस संबंध में उन्होंने सूचना जारी की है। निगम प्रशासन हर महीने करीब पौने सात लाख रुपए टेंट व्यवस्था में खर्च करेगा। यह टेंट व्यवस्था सेमीनार, बैठकों, कार्यक्रम, भूमिपूजन, लोकार्पण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, राजस्व वसूली शिविर नेशनल लोक अदालत, शासन की विभिन्न योजनाओं के साथ ही निर्वाचन सहित अनेक कामों के लिए टेंट सहित अन्य सामग्री की जरुरत होती है।

 बुके व अन्य सामग्री के लिए निकाले टेंडर
 निगम प्रशासन ने इसके पहले भी लाखों रुपए खर्च करने के लिए फूल-मालाएं और बुके सहित अन्य सामग्रियों को लेकर भी टेंडर निकाल चुके हैं। गौरतलब है कि निगम प्रशासन बीते कई दिनों से राशि नहीं होने का रोना रो रही हैं। हालात ये हैं कि जुलाई में दो सप्ताह बीतने के बाद कुछ कर्मचारियों को ही वेतन दिया जा सका है। नियमित और विनियमित कर्मचारियों की अब तक सैलरी नहीं बंट पाई है।

फूल-मालाओं का टेंडर किया था निरस्त
 बताया जा रहा है कि निगम प्रशासन ने कुछ महीने पहले फूल-मालाओं में लाखों रुपए खर्च करने के लिए टेंडर निकाले थे। इस पर बेफिजूल खर्च को लेकर जमकर विवाद हुआ था। महापौर मालती राय ने इस संबंध में फाइल बुलाकर इस टेंडर को निरस्त कराया था। इस मामले में भी
विपक्ष के पार्षदों ने बेफिजूल खर्च का हवाला देकर टेंट वाले टेंडर को निरस्त करने की बात कही है।

भोजन और स्वल्पहार में खर्च होंगे एक करोड़ 70 लाख रुपए
 वहीं, नगर निगम प्रशासन बफे भोजन, लंच पैकिट, स्वल्पहार और स्वीट्स में भी एक करोड़ 70 लाख रुपए खर्च करेगी। दो साल के लिए इस संबंध में टेंडर जारी किए गए हैं। सात लाख 8 हजार रुपए से अधिक हर महीने खाने-पीने में राशि खर्च करने की योजना है। ऐसे में दो टेंडरों के आधार पर निगम प्रशासन हर महीने टेंट और खाने-पीने में 14 लाख रुपए से अधिक राशि खर्च करेगी।

मामला गर्माने के बाद हटाए गए थे अधिकारी
फूल मालाएं और पूड़ी-सब्जी टेंडर का मामला गर्माने के बाद नगर निगम प्रशासन ने जनसंपर्क शाखा से अधिकारियों को हटा दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी एक फाइल चली और पुन: कुछ टेंडर किए गए। इसकी चर्चा नगर निगम में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button