डेटा सेंटर का ऐसा खेल, जिसने बदल दी ट्रंप की चुनावी रणनीति! आपके मोबाइल-लैपटॉप से कैसे जुड़ा पूरा मामला?

वाशिंगटन
क्या अमेरिका को ताक़तवर बनाने के चक्कर में ट्रंप ख़ुद कमज़ोर हो गए? सब ये तो समझ रहे हैं कि ईरान युद्ध ने ट्रंप की पार्टी को हरवा दिया लेकिन इसके साथ ही बड़ी वजह बताई जा रही है डेटा सेंटर. डेटा सेंटरों ने ट्रंप को हरवा दिया. ये क्या चीज होती है, डेटा सेंटर ये समझने की जरूरत है, और ये भी समझने की ज़रूरत है कि डेटा सेंटरों ने अमेरिका की पब्लिक को क्यों नाराज़ कर दिया. क्योंकि भारत में भी अब तेज़ी से डेटा सेंटरों को बनाने की बातें हो रही हैं? क्या अमेरिका में जो हुआ है वो भारत के लिए सुनहरा मौक़ा हो सकता है? तो उसके लिए समझने की ज़रूरत है कि डेटा सेंटर होते क्या हैं? क्योंकि पब्लिक इसपर ज़्यादा ध्यान नहीं दे पाती कि जो मोबाइल पर या कंप्यूटर पर वो कर रही है वो हो कैसे रहा है?
आप अगर अपने मोबाइल पर यूट्यूब का विडियो चलाते हो तो वो विडियो कहां से चलता है? यूट्यूब के लाखों विडियो सारे आपके मोबाइल फ़ोन के अंदर तो होते नहीं. तो फिर कहां से चलते हैं? या चैटजीपीटी से या किसी भी AI के ऐप से आप कोई सवाल पूछते हो या कोई विडियो बनाने के लिए कहते हो तो वो कहां से बन कर आता है? आप कहोगे इंटरनेट से. वो तो बात आपकी ठीक है कि इंटरनेट से आता है. क्योंकि आपको पता है कि इंटरनेट ना हो तो वो काम नहीं हो पाता है. लेकिन इंटरनेट तो बस उसको लेकर आने का साधन है. वो विडियो बनता कहां हैं? या यूट्यूब का विडियो रखा कहां पर होता है जहां से वो चलता है और आपके फ़ोन या टीवी या कंप्यूटर पर आता है? या जैसे आजकल लोग अपनी ख़ुद की फ़ोटो और विडियो वगैरह क्लाउड पर रखते हैं।
कहां डाउनलोड होता पूरा डेटा
कुछ तो अपने कंप्यूटर या अपने फ़ोन में ही रख लेते हैं और वो तो आपके फ़ोन में पड़े होते हैं. लेकिन बाक़ी वो क्लाउड में स्टोर कर लेते हैं और वहां से जब चाहे उठा कर देख लेते हैं. क्योंकि अगर अपने फ़ोन पर ज़्यादा डाउनलोड करके रखते हैं तो फ़ोन की स्टोरेज ख़त्म हो जाती है. लेकिन ये क्लाउड कहां पर होता है जहां पर ये सब स्टोर कर के रखा होता है? ये होता है डेटा सेंटर में. मतलब जैसे आप रेस्तरां में जाते हो तो मेन्यू आपके सामने होता है. मेन्यू में लिखा होता है कि ये सब खाना है आप इसमें जो भी चाहे ऑर्डर कर सकते हैं. तो वो मेन्यू ऐसे है जैसे आपके फ़ोन या कंप्यूटर या इंटरनेट से जुड़े टीवी की स्क्रीन. वो सारा खाना तो टेबल पर पड़ा नहीं होता कि आप जो चाहे उठा कर खा लो. ऐसा करने लगे तो गोदाम जितनी बड़ी टेबल चाहिए होगी. तो आप मेन्यू देखते हो और वेटर को ऑर्डर देते हो. तो वो वेटर हो गया जैसे इंटरनेट।
आप कहोगे खाना कौन लाया? वेटर लाया. ऐसे ही फ़ोन पर विडियो किसने चलाया? या फ़ेसबुक पर पोस्ट कहां से आई? इंटरनेट से आई. लेकिन इंटरनेट तो सिर्फ़ आपका ऑर्डर लिया और आप तक जवाब पहुंचाया. जैसे वेटर खाना लेकर आया. खाना बना कहां पर? रसोई में. रसोई में वेटर सारे ऑर्डर ले कर आए और रसोई में हर टेबल के हिसाब से खाना तैयार हुआ और हर टेबल तक पहुंचाया फिर वेटरों ने. तो ये रसोई जो है वो है डेटा सेंटर. डेटा सेंटर इसलिए कहते हैं क्योंकि आपका ऑर्डर जो आता है वो भी डेटा के सिग्नल की तरह आता है और डेटा के सिग्नल की तरह ही आपका ऑर्डर आपके फ़ोन तक डिलिवर होता है और आप स्क्रीन पर देखते हो।
डेटा सेंटर को रसोई से समझिए
लेकिन सब कुछ तैयार हो रहा होता है डेटा सेंटर में. रसोई वो है. तो होता क्या है इन डेटा सेंटरों में? बहुत सारे कंप्यूटर होते हैं. बहुत सारे. सैकड़ों हज़ारों कंप्यूटर. डेटा सेंटर एक बहुत बड़ी इमारत होती है जिसमें हजारों कंप्यूटर और सर्वर लगे रहते हैं. और ये कंप्यूटर दिन-रात चलते रहते हैं और हमारी डिजिटल दुनिया को चलाते रहते हैं. जब आप मोबाइल पर कोई वीडियो देखते हैं, बैंक ऐप खोलते हैं, गूगल पर कुछ सर्च करते हैं या चैटजीपीटी से कोई सवाल पूछते हैं, तो वो काम इन्हीं डेटा सेंटरों के अंदर हो रहा होता है. मतलब डेटा सेंटर होते हैं डेटा के बड़े-बड़े गोदाम. हजारों ऐसे कंप्यूटर जिनमें सारी जानकारी स्टोर की हुई होती है. और उस जानकारी को प्रोसेस भी करते रहते हैं यानी जानकारी पर काम होता रहता है. अब तक ये डेटा सेंटर ज्यादातर वेबसाइटों का सारा डेटा रखते थे, ईमेल स्टोर करके रखते थे और क्लाउड स्टोरेज वगैरह के लिए बनते थे।
अब AI का ज़माना आ गया
अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ज़माना आ गया, तो उसमें तो बहुत सारी जानकारी चाहिए होती है. अब तो डेटा सेंटर बहुत ही विशाल चाहिए होते हैं. और उनके कंप्यूटर बहुत ही शक्तिशाली चाहिए होते हैं. और कहां होते हैं ये डेटा सेंटर? आप जो अपने फ़ोन पर कुछ देख रहे हैं तो कहां से आ रहा है? आपका डेटा सेंटर कहां है? आपके पूरे शहर का क्या कोई एक बड़ा डेटा सेंटर है? या आपके राज्य का कोई डेटा सेंटर है वहां से सब कुछ आ रहा है? या पूरे देश का कोई डेटा सेंटर है वहां से आ रहा है? आपके फ़ोन का सिग्नल कहां आदेश दे रहा है और आपके फ़ोन में डेटा कहां से आ रहा है जो विडियो बन कर चल रहा है? तो वो आ रहा है अमेरिका से।
किन कंपनियों के पास सबसे बड़ी ताकत
एक डेटा सेंटर को चलाने में बिजली कितनी लगती है? जितनी एक पूरे शहर को चलाने में लगती है. एक डेटा सेंटर एक छोटे शहर जितनी बिजली पी जाता है. दुनिया में हज़ारों डेटा सेंटर हैं लेकिन लगभग आधे अमेरिका में हैं. बिजली खपत से क्षमता देखो तो दुनिया भर में डेटा सेंटरों की कुल ताकत मोटे तौर पर 100 से 120 GW के आसपास आंकी जाती है. इनमें 50 से 56 GW के आसपास की क्षमता अमेरिका के पास है. और अमेरिका के बाद चीन का नंबर आता है, जिसकी क्षमता मोटे तौर पर 20 से 24 GW के आसपास बताई जाती है. यानी अमेरिका चीन से लगभग दोगुना या उससे ज्यादा आगे है. बाकी दुनिया को मिलाकर देखा जाए तो यूरोप की कुल क्षमता करीब 14 से 16 GW के आसपास रहती है, जिसमें जर्मनी और ब्रिटेन जैसे देश आगे हैं. भारत की मौजूदा क्षमता अभी 1.5 से 2 गीगावाट के आसपास ही है, जो तेज़ी से बढ़ रही है लेकिन अभी अमेरिका और चीन से बहुत पीछे है।
क्यों नाराज हो गए लोग
गाड़ियां चलाने के लिए दुनिया तेल पर निर्भर थी तो तेल वाले देशों की ताक़त बनी हुई थी. और ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ हॉर्मूज़ को रोक कर दिखा दिया ये कितनी बड़ी ताक़त है. चीन ने रेयर अर्थ की ताक़त अपने पास बना ली है क्योंकि उनके बिना गाड़ियों के इंजन नहीं बन सकते अब. तो अमेरिका ने ठान लिया था कि डेटा सेंटरों की ताक़त वो चीन के पास जाने नहीं देगा. क्योंकि डेटा सेंटर की ताक़त ही अब भविष्य की ताक़त मानी जा रही है. यही ताक़त सुपरपावर बनाएगी. इसलिए ट्रंप धड़ाधड़ डेटा सेंटर बनाए जा रहे थे अमेरिका में. लेकिन जहां-जहां डेटा सेंटर बनते जा रहे थे वहां के लोग नाराज़ होते जा रहे थे. क्योंकि उनके इलाक़े में बिजली महंगी होती जा रही थी, पानी कम होता जा रहा था. और रात में शोर हो रहा था. चीन को पीछे छोड़ने में तो अमेरिका की ताक़त बढ़ रही थी लेकिन ट्रंप कमज़ोर हो गए।
असली खेल यहां
लोग ये तो नहीं चाहते कि डेटा सेंटर चीन के पास ज़्यादा हो जाएं, वो चाहते हैं कि अमेरिका इस रेस में आगे ही रहे. लेकिन उनके इलाक़े में डेटा सेंटर ना हो. कहीं और बना दो. तो आकलन ये है कि इस का बड़ा फ़ायदा ट्रंप की पार्टी के विरोधियों को चुनावों में इस बार हुआ. क्योंकि जहां-जहां ज़्यादा डेटा सेंटर बने अमेरिका में, वहां-वहां ट्रंप की पार्टी हार गई. ये समझना सबके लिए ज़रूरी है क्योंकि अब तक ताक़त की रेस ये होती थी कि किसके पास परमाणु बम है, किसके पास ताक़तवर हथियार हैं, किसके पास तेल है, किसके पास सोना है? अब लड़ाई डेटा की भी है. तो अमेरिका में अगर डेटा सेंटर बनने पर ब्रेक लगेगा तो कौनसा ऐसा देश हो सकता है जहां कंप्यूटर इंजीनियरिंग का बुनियादी ढांचा भी हो और जो चीन के चंगुल में फंसा हुआ भी ना हो? जी, इसीलिए भारत अब इस पर दांव लगा रहा है. दुनिया बदल रही है. ये वो कहानी है जिसको समझने की ही ज़रूरत नहीं, इसपर नज़र रखने की ज़रूरत है. वर्ल्ड वॉर अब सिर्फ़ हथियारों वाली नहीं होगी. कई दांव चले जाएंगे. नज़र बनाकर रखिएगा. ये विडियो जो आप देख रहे हो ये कहां के डेटा सेंटर से होकर आ रहा है आपकी स्क्रीन पर?





