पर्यटन बोर्ड ने शुरू की अनूठी पहल, महिलाओं को दिया जा रहा नाविक प्रशिक्षण

खरगोन

जिला प्रशासन खरगोन, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और वसुधा विकास संस्थान द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत संकुल धार के पर्यटन स्थल महेश्वर में गतिविधि जारी है।

इसी के तहत देवी अहिल्याबाई के किला के अंतर्गत नर्मदा घाट पर महिलाओं को नाविक बनने के लिए प्रशिक्षण का शुभारंभ 06 दिसंबर को किया गया। महिलाओं के लिए यह अनूठी पहल की गई है। इसमें 20 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद ये महिला नौका सहायक व स्टोरी टेलर के रूप में कार्य करेंगी।

प्रशिक्षित महिलाएं महेश्वर में आने वाले पर्यटकों को नौका की सैर कराएंगी। साथ ही मां नर्मदा और मां अहिल्या के साथ-साथ घाट निर्माण की कथा से लेकर महेश्वरी साड़ी की रोचक जानकारी देंगी।

बुधवार को आयोजित शुभांरभ समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस विभाग से महेश्वर टीआई पंकज तिवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा यह बहुत ही अनोखी पहल की जा रही है। महेश्वर में यह महिलाओं के लिए नाविक प्रशिक्षण एक बहुत ही बड़ी उपलब्धि होंगी। इससे उनका रोजगार भी मिलेगा। साथ ही साथ जो भी महिला पर्यटक अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में घूमने आएगी वे महिला नाविक के साथ नर्मदा घाट का बिना डरे व सुरक्षित महसूस करते हुए दर्शन कर पाएगी।

तहसीलदार राकेश सस्तीया ने कहा कि महिलाओं को नाविक प्रशिक्षण के साथ-साथ स्टोरी टेलर की जो ट्रेनिंग दी जा रही है, वह भी बहुत महत्वपूर्ण है। इससे वे पर्यटकों को नर्मदा घाट के दर्शन के साथ-साथ साथ महेश्वर का इतिहास भी बता पाएंगी। आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार और नौका संचालक का काम भी करते हुए दिखाई दे सकती हैं। ये महिलाएं गाइड का रोल भी निभा सकेगी।

नाविक की तकनीकों के बारे में जानकारी दी
वसुधा विकास संस्थान की डायरेक्टर डॉ. गायत्री परिहार ने कहा कि महिलाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है। जहां वे अपने निकट इस तरह का पहली बार महेश्वर में नाविक बनने का प्रशिक्षण लेने जा रही हैं। जो भविष्य में महिला पर्यटकों को नाव के माध्यम से नर्मदा घाट के दर्शन करा पाएंगी।

परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को नाविक की तकनीकों के बारे में जानकारी देने के साथ ही उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर क्राइम, इंटरनेट सेफ्टी, महिला हेल्प लाइन, महिला डेस्क, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में जागरूक करने के लिए सत्र आयोजित किए जाएंगे।

वसुधा विकास संस्थान से संकुल समन्वयक अनीता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसी आयोजन में पूर्व में फ्रंट ऑफिस हेतु प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण भी किए गए। जो आगे चलकर अब होटल मैनेजमेंट और पर्यटन के क्षेत्र में फ्रंट ऑफिसर बनने का कार्य करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button