उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरा वाहन, 9 महिलाओं समेत 10 की मौत

कोटद्वार

लैंसडौन विधानसभा के अंतर्गत रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत 9 महिलाओं की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थी और बैंक का काम निपटाकर अपने गांव वापस लौट रही थीं।

मिली जानकारी के अनुसार रिखणीखाल विकासखंड के ग्राम कोटनाली-भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी उक्त वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मौके पर मच गई अफरा-तफरी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे। वहीं, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

सीएम धामी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुखद समाचार मिला। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'

अल्मोड़ा में कैंटर गहरी खाई में गिरा, ड्राइवर की मौत
इधर उत्तराखंड के अल्मोड़ा में भी शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां एक कैंटर के गहरी खाई में जा गिरा। इस सड़क हादसे में कैंटर चल रहे ड्राइवर की मौके पर ही मौत ह गई। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने शव बरामद कर लिया है।

200 मीटर गहरी थी खाई
मिली जानकारी के अनुसार कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने जिला पुलिस कंट्रोल रूम को सड़का दुर्घटना की जानकारी दी कि टोटाम चेरीधार के पास कैंटर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा है। भिकियासैंण एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।

35 वर्ष थी ड्राइवर की उम्र
टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। वाहन बेहद गहरी खाई में गिरा हुआ था। टीम ने खाई में उतर कर बमुश्किल शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान हीरा सिंह (35) निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में हुई है। शव को जिला पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।

12 नवंबर को कैंची धाम पास हादसा
नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास निगलाट में भी बड़ा सड़का हादसा हुआ था। यहां देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा समाई थी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया गया था कि सभी युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button