कोलार रोड सिंगापुर सिटी अपार्टमेंट में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ 7 फरवरी से

वृंदावन से पधार रहे कथा व्यास स्वामी नारायणार्च जगत गुरु, प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगा ज्ञानयज्ञ

भोपाल कोलार रोड स्थित सिंगापुर सिटी अपार्टमेंट परिसर में आगामी 7 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम सिंगापुर सिटी मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार सप्ताह भर चलने वाली इस कथा के दौरान पूजा-आह्वान एवं कलश स्थापना के साथ कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान कपिल देव–माता देवहुति संवाद, भगवान नरसिंह अवतार एवं भक्त प्रह्लाद चरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीलाएँ, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी–श्रीकृष्ण विवाहोत्सव तथा सुदामा चरित्र जैसे प्रमुख प्रसंगों का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। भजन-कीर्तन और कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अनुपम संगम अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

इस पावन अवसर पर कथा व्यास के रूप में स्वामी नारायणार्च जगत गुरू (वृन्दावन) अपनी अमृतवाणी से श्रीमद्भागवत महापुराण का रसपान कराएंगे। आयोजकों का कहना है कि स्वामी जी की सरल, भावपूर्ण और संगीतमय शैली श्रद्धालुओं को अध्यात्म की गहराइयों से जोड़ती है।

कथा सप्ताह के समापन अवसर पर कथा विश्राम, हवन, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी ग्रहण की व्यवस्था रहेगी।

आयोजकों ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित पधारकर इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनें, श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करें तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति का अनुभव करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button