भारतीय व्यापार महोत्सव घरेलू उत्पादों को देगा ग्लोबल पहचान, भोपाल में भी आयोजन की तैयारी
कैट राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल बोले- ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल’ को मिलेगा नया मंच; मध्यप्रदेश से 650 से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधियों ने लिया महोत्सव में हिस्सा

भोपाल। स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के उद्देश्य से नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव को लेकर कैट ने मध्यप्रदेश के व्यापारियों के लिए इसे महत्वपूर्ण अवसर बताया है। महोत्सव में मध्यप्रदेश से करीब साढ़े छह सौ व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल कारोबार बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय उत्पादों को देश और दुनिया के बाजार में पहचान दिलाने का अभियान है।
‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की ओर बढ़ेगा कारोबार
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने मध्यप्रदेश के व्यापारिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए कैट और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) ने भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन किया।
उन्होंने कहा कि महोत्सव भारतीय उत्पादों, कारोबारियों और उद्यमियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराता है, जहां वे अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकते हैं। इसका उद्देश्य देश में निर्मित और तैयार किए जाने वाले उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर से आगे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहचान दिलाना है।

रूस, अफ्रीका और अन्य देशों में भी आयोजन की तैयारी
खंडेलवाल ने कहा कि आने वाले समय में कैट और ITPO मिलकर देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय व्यापार महोत्सव आयोजित करेंगे। इसके लिए रूस, अफ्रीका तथा उन विकसित देशों में आयोजन की योजना है, जिनके साथ भारत ने फ्री ट्रेड डील की है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से भारतीय व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंचने, विदेशी खरीदारों से संपर्क बनाने और घरेलू उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के अवसर मिलेंगे।
भोपाल में भी होगा भारतीय व्यापार महोत्सव
कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने कहा कि आने वाले समय में राजधानी भोपाल में भी कैट और ITPO के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय व्यापार महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसकी तारीख तय करने के लिए विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिम्मेदारी लेकर सक्रियता से काम करने वाले लोगों को कैट से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार और उद्यमिता को मजबूती देने के इस अभियान को प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाने की जरूरत है।
प्रदेश पदाधिकारियों ने रखे सुझाव
कैट की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संयुक्त अध्यक्ष गोविंद असाटी, प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यालय प्रभारी भारत भूषण अग्रवाल, संगठन महामंत्री राजकुमार गुप्ता, महामंत्री जितेंद्र पचौरी एवं उमेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
महिला विंग की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रीना गांधी, भोपाल की मंजरी श्रीवास्तव, जबलपुर की सीमा सिंह चौहान एवं कविता जैन ने भी बैठक को संबोधित किया। प्रतिनिधियों ने व्यापार एवं संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव प्रस्तुत किए।
नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं
बैठक में संगठन को विस्तार देने के लिए कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पवन जैन शिवपुरी एवं संदेश जैन जबलपुर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चंद्रप्रकाश शिवहरे को प्रदेश उपाध्यक्ष, राजा भैया को जबलपुर संभाग का महामंत्री, दीपक सेठी को प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी तथा प्रशांत गोयल को सोशल मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
बैठक के मंच पर कैट के नेशनल चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल, सीनियर वाइस चेयरमैन सत्यभूषण जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता तथा महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।





