न्यू मार्केट के विकास को लेकर व्यापारियों ने सौंपे चार ज्ञापन, आयुक्त ने दिए तत्काल निरीक्षण के निर्देश

30 साल के किराया अनुबंध, टू-व्हीलर पार्किंग और नो-हॉकर्स जोन लागू करने की मांग; गणेश चौक के सौंदर्यीकरण के साथ ऑटोमेटिक बोलार्ड गेट लगाने का प्रस्ताव

भोपाल, 18 नवंबर। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र न्यू मार्केट के सुव्यवस्थित विकास, व्यापारियों के हितों के संरक्षण और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति के पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को चार महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। व्यापारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को न्यू मार्केट का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समिति के अध्यक्ष सतीश गंगराड़े, सचिव पवन वरदानी और उपाध्यक्ष अजय देवनानी सहित अन्य पदाधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आयुक्त ने उपायुक्त चंचलेश एवं उपायुक्त भुवन गुप्ता को न्यू मार्केट का निरीक्षण कर बाजार को सुव्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए।

30 साल का किराया अनुबंध करने की मांग

व्यापारियों ने निगम की दुकानों के किराया अनुबंध को लेकर प्रमुख मांग रखी है। समिति का कहना है कि न्यू मार्केट में सैकड़ों व्यापारी पिछले 30 से 50 वर्षों से नगर निगम की दुकानों में व्यवसाय कर रहे हैं। वर्तमान में निगम द्वारा मात्र तीन वर्ष का अनुबंध किए जाने की बात कही जा रही है, जिसे व्यापारियों ने उनके हित में नहीं बताया है।

व्यापारियों ने मांग की कि पूर्व में जिन दुकानदारों के साथ 30 वर्ष का अनुबंध किया गया है, उसी व्यवस्था के तहत न्यू मार्केट के सभी पात्र दुकानदारों के साथ 30 वर्ष का किराया अनुबंध किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि लंबी अवधि का अनुबंध मिलने से वे अपने व्यवसाय में आवश्यक निवेश और बेहतर सुविधाओं के विकास की योजना बना सकेंगे।

बंद टू-व्हीलर पार्किंग फिर शुरू करने की मांग

दूसरी प्रमुख मांग न्यू मार्केट के आसपास टू-व्हीलर पार्किंग और पिंक पार्किंग को दोबारा शुरू करने की है। समिति के अनुसार कुछ वर्ष पहले तक न्यू मार्केट के आसपास सड़क किनारे टू-व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था थी, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को सुविधा मिलने के साथ नगर निगम को राजस्व भी प्राप्त होता था।

व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था बंद होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में हॉकर्स का कब्जा बढ़ गया है। इससे बाजार में आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है। समिति ने पार्किंग व्यवस्था को पुन: शुरू करने की मांग की है।

नो-हॉकर्स जोन का सख्ती से पालन कराने की मांग

व्यापारियों ने न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन के रूप में व्यवस्थित करने की भी मांग की है। समिति के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2006 से न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन घोषित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद बाजार और आसपास के क्षेत्रों में हॉकर्स की गतिविधियां बढ़ी हैं।

व्यापारियों का कहना है कि सड़क और बाजार के आसपास अव्यवस्थित तरीके से दुकानें लगने से आवागमन प्रभावित होता है। विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों को भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समिति ने हॉकर्स को टीटी नगर स्थित हाट बाजार में शिफ्ट करने तथा न्यू मार्केट की सड़कों और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।

गणेश चौक का होगा आधुनिक स्वरूप, बोलार्ड गेट लगाने का प्रस्ताव

चौथी मांग न्यू मार्केट के श्री गणेश चौक के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़ी है। समिति के अनुसार एसबीआई मुख्य शाखा के सामने स्थित श्री गणेश चौक शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल है। यहां आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सेंटर में करीब 15 फीट का आधुनिक ऑटोमेटिक बोलार्ड गेट लगाने का प्रस्ताव दिया गया है।

इसके अलावा व्यापारियों ने चौराहे पर पिंक पार्किंग, पिक एंड ड्रॉप पॉइंट, हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे, आकर्षक प्रवेश द्वार, एलईडी स्क्रीन, इको-फ्रेंडली एलईडी लाइट्स, आधुनिक रेस्टिंग चेयर्स लगाने तथा इलेक्ट्रिक डीपी को शिफ्ट करने की मांग की है। समिति का कहना है कि इन सुविधाओं से न्यू मार्केट में आने वाले ग्राहकों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

‘न्यू मार्केट को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बिजनेस जोन बनाना लक्ष्य’

समिति के अध्यक्ष सतीश गंगराड़े, उपाध्यक्ष अजय देवनानी और सचिव पवन वरदानी ने कहा कि सभी व्यापारी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प के अनुरूप न्यू मार्केट को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त बिजनेस जोन बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त ने व्यापारियों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इसके लिए समिति ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

व्यापारियों ने कहा कि न्यू मार्केट भोपाल की पहचान और शान है। इसे व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधायुक्त बनाना व्यापारियों, नगर निगम और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। अब व्यापारियों की नजर नगर निगम द्वारा किए जाने वाले स्थल निरीक्षण और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button