55 जिलों की मिट्टी से बना महाकलश मुख्यमंत्री को भेंट, ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश’ अभियान शुरू
कैट मध्यप्रदेश के शपथ ग्रहण एवं महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई प्रदेश कार्यकारिणी को दिलाई शपथ; 22 लाख व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य

भोपाल। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), मध्यप्रदेश की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह एवं महासम्मेलन बुधवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुए इस आयोजन में प्रदेश के सभी 55 जिलों से व्यापारी प्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों और वरिष्ठ व्यापारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को संगठन के दायित्वों का निर्वहन करते हुए व्यापारी समाज के हित में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

55 जिलों की मिट्टी से तैयार महाकलश बना आकर्षण
महासम्मेलन का प्रमुख आकर्षण कैट मध्यप्रदेश की ओर से आयोजित ‘समृद्धि कलश यात्रा’ का समापन रहा। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों से कलश यात्राएं निकाली गईं तथा प्रत्येक जिले की मिट्टी एकत्रित की गई।
18 नवंबर को भोपाल में सभी 55 जिलों से लाई गई मिट्टी को एक साथ मिलाकर ‘महाकलश’ तैयार किया गया। कैट पदाधिकारियों ने यह महाकलश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेंट किया।
कैट ने इसे प्रदेश के 55 जिलों के व्यापारियों की एकजुटता, भाईचारे, सांस्कृतिक विरासत और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया। संगठन के अनुसार प्रत्येक जिले की मिट्टी को एक कलश में समाहित करने का उद्देश्य यह संदेश देना है कि मध्यप्रदेश की आर्थिक प्रगति में हर जिले और हर व्यापारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश’ अभियान का शुभारंभ
समारोह में कैट मध्यप्रदेश ने ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश’ अभियान का भी शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से व्यापारियों को संगठित करने, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को नई संभावनाओं से जोड़ने, स्थानीय बाजारों को मजबूत करने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
कैट ने प्रदेश के सभी 55 जिलों और 230 विधानसभा क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही प्रदेश के करीब 22 लाख व्यापारियों को संगठनात्मक रूप से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। संगठन का कहना है कि इससे व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को शासन एवं प्रशासन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में व्यापारी समाज को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय बाजारों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने 55 जिलों की मिट्टी से तैयार महाकलश की पहल की सराहना करते हुए इसे प्रदेश की एकता और सामूहिक विकास का प्रतीक बताया। उन्होंने कैट की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और व्यापारी हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
संगठित व्यापारी समाज आर्थिक विकास की नींव : आशीष अग्रवाल
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने संगठित व्यापारी समाज को आर्थिक विकास की मजबूत नींव बताया। उन्होंने 55 जिलों को एक अभियान के माध्यम से जोड़ने की कैट की पहल की सराहना करते हुए इसे समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
35 वर्षों से व्यापारियों की आवाज उठा रहा कैट
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स पिछले 35 वर्षों से देशभर के 9 करोड़ से अधिक व्यापारियों के हितों और अधिकारों की आवाज उठाता रहा है। संगठन ई-कॉमर्स से जुड़ी विसंगतियों, व्यापारियों की समस्याओं और विभिन्न नीतिगत विषयों को लेकर लगातार काम कर रहा है।
इसके साथ ही कैट द्वारा ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए देशव्यापी अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, चेयरमैन सुनील अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, राजीव बड़ेरिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं भोपाल जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, राजकुमार गुप्ता, गोविंद दास असाटी सहित प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारी, तेेेेेेेेजकुलपाल सिंह पाली, सुनील जैन 501 और विभिन्न जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर कैट मध्यप्रदेश ने प्रदेश के व्यापारियों को स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और मध्यप्रदेश को आर्थिक रूप से अधिक समृद्ध बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दिलाया।





