पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का धरना, 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल की चेतावनी

भोपाल में PNB इंदिरा प्रेस कॉम्प्लेक्स शाखा के सामने सैकड़ों बैंक कर्मचारियों-अधिकारियों ने किया प्रदर्शन; UFBU ने कहा- मांग नहीं मानी तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल

छह दिन काम से कार्य-जीवन संतुलन प्रभावित होने का आरोप

विवेक झा, भोपाल, 23 सितंबर। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बुधवार को राजधानी भोपाल में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने धरना दिया। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पंजाब नेशनल बैंक, इंदिरा प्रेस कॉम्प्लेक्स शाखा के सामने सैकड़ों बैंककर्मियों ने प्रदर्शन किया। धरने के बाद कर्मचारियों ने मांग के समर्थन में नारेबाजी की और सभा आयोजित की।

बैंक यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का आह्वान किया जाएगा।

‘अब जरूरत बन चुका है पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह’

सभा को संबोधित करते हुए बैंक कर्मचारी, अधिकारी और श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह अब सुविधा या विलासिता का विषय नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। वक्ताओं के अनुसार, बैंक कर्मचारी लगातार बढ़ते कार्यभार, लक्ष्य आधारित दबाव और मानसिक तनाव के बीच काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सप्ताह में छह दिन काम करने की व्यवस्था के कारण कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन पर असर पड़ रहा है। इसका प्रभाव कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उनके व्यक्तिगत जीवन पर भी पड़ता है।

डिजिटल बैंकिंग से ग्राहकों को सेवा में बाधा नहीं होगी: यूनियन

बैंक यूनियन नेताओं ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू होने से ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में कोई बड़ा प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। आज डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।

वक्ताओं के अनुसार, बैंकिंग क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के कारण कई सेवाएं शाखा के नियमित कार्यदिवस से अलग भी उपलब्ध रहती हैं। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त और संतुष्ट कर्मचारी ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में अधिक सक्षम होंगे।

8 मार्च 2024 के समझौते का हवाला

बैंक यूनियन नेताओं ने दावा किया कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर भारतीय बैंक संघ और केंद्र सरकार की ओर से पूर्व में सहमति व्यक्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यूनियनों और इंडियन बैंक एसोसिएशन के बीच 8 मार्च 2024 को लिखित समझौता भी हुआ था।

वक्ताओं ने कहा कि समझौते के बावजूद 30 महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू नहीं हुआ है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय और वादा-खिलाफी बताया तथा शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

कोरोना काल में सेवाएं जारी रखने का किया उल्लेख

सभा में वक्ताओं ने कोरोना महामारी के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन दौर में बैंक कर्मचारियों ने जोखिम के बीच बैंकिंग सेवाएं जारी रखीं और सरकार की विभिन्न योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में योगदान दिया।

वक्ताओं ने कहा कि उस अवधि में बैंकिंग व्यवस्था को चालू रखने में कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन वर्तमान में उनकी मांगों पर अपेक्षित गति से निर्णय नहीं लिया जा रहा है।

मांग नहीं मानी तो तीन दिन राष्ट्रव्यापी हड़ताल

UFBU की ओर से कहा गया कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन के अनुसार, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है।

इसके बाद भी यदि मांग पर निर्णय नहीं होता है तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल किए जाने की चेतावनी दी गई है। यूनियन ने संबंधित पक्षों से समय रहते मांग पर निर्णय लेने की अपील की है।

सैकड़ों बैंककर्मियों ने लिया हिस्सा

धरने और सभा में बैंक कर्मचारी, अधिकारी तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभा को संजीव मिश्रा, वीके शर्मा, नजीर कुरैशी, दिनेश झा, प्रवीण मेघानी, निर्भय सिंह ठाकुर, भगवान स्वरूप कुशवाहा, संजय कुदेशिया, अनिल कुमार श्रीवास्तव, सुबिन सिन्हा, वीएस नेगी, संदीप चौबे, अंबरीश नंदा, मनीष चतुर्वेदी, पंकज ठाकुर, जेपी झंवर, गुणशेखरन, अशोक पंचोली, जेपी दुबे, देवेंद्र खरे, दीपक नायर, राजीव उपाध्याय, महेंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता, सुनील देसाई, सत्येंद्र चौरसिया, मनीष भार्गव और अमोल अचवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

UFBU मध्यप्रदेश के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में घोषित हड़ताल के कार्यक्रम को लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button