बीमा पॉलिसीधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए भोपाल में आज लगेगा ग्रिवांस रिड्रेसल कैंप
IRDAI ने नवंबर को घोषित किया ग्रिवांस रिजॉल्यूशन मंथ, 16 शहरों में आयोजित हो रहे कैंप; जनरल, लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी शिकायतों का होगा निराकरण

भोपाल। बीमा पॉलिसीधारकों की लंबित शिकायतों और विवादों के त्वरित समाधान के लिए भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) की पहल के तहत नवंबर 2026 को ग्रिवांस रिजॉल्यूशन मंथ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल में 18 नवंबर को पॉलिसीधारकों के लिए ग्रिवांस रिड्रेसल कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप में विभिन्न प्रकार की बीमा पॉलिसियों से संबंधित शिकायतों और लंबित मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
जनरल इंश्योरेंस काउंसिल की ओर से IFFCO-TOKIO General Insurance Company Limited को मध्य प्रदेश के लिए लीड इंश्योरर के रूप में नामित किया गया है। कंपनी द्वारा भोपाल में यह कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप का आयोजन 18 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होटल शिराज, जोन-2, महाराणा प्रताप नगर, भोपाल में किया जाएगा।
तीन प्रमुख बीमा क्षेत्रों के पॉलिसीधारक ले सकेंगे हिस्सा
इफको टोकियाे जनरल इंश्योरेंस के मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के राज्य प्रमुख एवं वाइस प्रेसिडेंट शुभम जैन ने बताया कि कैंप में मध्य प्रदेश के ऐसे सभी पॉलिसीधारक हिस्सा ले सकते हैं, जिनकी पॉलिसी जनरल इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस अथवा स्टैंड-अलोन हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से संबंधित है। पॉलिसीधारक अपनी शिकायत, लंबित दावे, विवाद अथवा अन्य बीमा संबंधी समस्या के समाधान के लिए कैंप में पहुंच सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार पॉलिसीधारकों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायत के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऑनलाइन सुविधा के लिए पॉलिसीधारक 9755094118 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
देश के 16 शहरों में आयोजित हो रहे ग्रिवांस रिड्रेसल कैंप
शुभम जैन के अनुसार IRDAI की इस पहल के तहत देशभर के 16 शहरों में ग्रिवांस रिड्रेसल कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें से आठ कैंप General Insurance Council और आठ कैंप Life Insurance Council की ओर से आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बीमा क्षेत्र में पॉलिसीधारकों की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और तेज बनाना है।
IRDAI ने इस पहल के माध्यम से बीमा कंपनियों और पॉलिसीधारकों के बीच संवाद को मजबूत करने तथा लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया है। इसके साथ ही पॉलिसीधारकों को बीमा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न शिकायत निवारण व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
शिकायत निवारण के उपलब्ध विकल्पों की मिलेगी जानकारी
कैंप में पॉलिसीधारकों को बीमा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न ग्रिवांस रिड्रेसल मैकेनिज्म के बारे में जानकारी दी जाएगी। इनमें Insurance Ombudsman framework भी शामिल है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पॉलिसीधारक अपनी शिकायत के समाधान के लिए उपलब्ध उचित माध्यम और प्रक्रिया को समझ सकें।
आयोजकों का कहना है कि बीमा शिकायतों के समय पर समाधान से पॉलिसीधारकों को लंबे समय तक चलने वाली विवाद प्रक्रिया से होने वाली परेशानी कम होगी। साथ ही शिकायतों के समाधान में लगने वाला समय और विवाद या मुकदमेबाजी से जुड़ी संभावित लागत भी कम की जा सकेगी।
पॉलिसीधारकों के लिए सीधा संवाद का अवसर
बीमा पॉलिसी से जुड़ी शिकायतों के समाधान में कई बार पॉलिसीधारकों को अलग-अलग स्तरों पर संपर्क करना पड़ता है। ऐसे में ग्रिवांस रिड्रेसल कैंप को पॉलिसीधारकों और बीमा क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के बीच सीधे संवाद का मंच माना जा रहा है। यहां पॉलिसीधारक अपनी समस्या सामने रखकर उसके समाधान की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
IRDAI की इस पहल का व्यापक उद्देश्य पॉलिसीधारकों में शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ाना, लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करना और बीमा क्षेत्र में उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत करना है।




